सुशासन तिहार 2026: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने करहीबाजार में सुनीं जनता की समस्याएं, कई विकास कार्यों की घोषणा

By
Advertisement
Advertisement

बलौदाबाजार-भाटापारा। सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 22 मई को बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्राम करहीबाजार में आयोजित समाधान शिविर में आम जनता से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को सुना।

समाधान शिविर में जनता से सीधा संवाद, प्रशासनिक अमला भी रहा मौजूद

मुख्यमंत्री के साथ राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का हेलीपेड पर जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य सरकार और प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना है, ताकि ग्रामीण समस्याओं का वास्तविक आकलन किया जा सके।

गांव-गांव पहुंच रही सरकार, मूलभूत सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रायपुर में बैठकर ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को पूरी तरह समझ पाना संभव नहीं है, इसलिए सरकार गांवों तक पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद कर रही है। उन्होंने भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों का आभार जताया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का फोकस पानी, बिजली, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने पर है।

करहीबाजार और आसपास के क्षेत्रों के लिए विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें करहीबाजार में सर्व समाज के लिए 25 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक भवन, सुकालू के घर से सिद्ध बाबा मार्ग तक 25 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण शामिल है।

इसके अलावा करहीबाजार और कोदवा के हायर सेकेंडरी स्कूलों में भवन निर्माण, ग्राम विटकुली में 20 लाख रुपये का मांगलिक भवन तथा कोठमी, मोपका, कोनी, बोरसी, कोदवा, पाटन और रामपुर में 10-10 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण की घोषणा की गई।

स्वास्थ्य सेवाओं का निरीक्षण, हितग्राहियों को बांटे चश्मे

समाधान शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल का निरीक्षण किया और वरिष्ठ नागरिकों व बच्चों को स्वयं चश्मा पहनाया। इस दौरान 76 वर्षीय गोवर्धन ध्रुव, 65 वर्षीय अनुपकुंवर पाल सहित कई हितग्राहियों ने चश्मा प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और जरूरतमंदों को समय पर इलाज एवं सहायता उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को स्वास्थ्य योजनाओं का अधिकतम लाभ जनता तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए।

Advertisement
Share This Article