ऑपरेशन अंकुश के तहत लगातार जारी है अभियान
रायगढ़ पुलिस द्वारा जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत खरसिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ और सट्टा कारोबार में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जुआ खेलते चार आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़े
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और चौकी प्रभारी निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में खरसिया पुलिस ने राठौर चौक के पास जुआ खेलने की सूचना पर दबिश दी। पुलिस टीम के पहुंचते ही कुछ लोग मौके से फरार हो गए, जबकि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में हिमांशु श्रीवास, मनोज राठौर, टुकेश्वर साहू और लवकुमार राठौर शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपियों और जुआ फड़ से कुल ₹4500 नगद जब्त किए गए। सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मोबाइल से चल रहा था सट्टे का खेल
इसी क्रम में खरसिया के नया मंगल बाजार शेड में मोबाइल के जरिए सट्टा खिलाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। मौके से आरोपी प्रवीण राठौर को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से एक ओप्पो मोबाइल फोन और ₹600 नगद बरामद किया गया।
पूछताछ में सामने आया खाईवाल का नाम
पुलिस पूछताछ में प्रवीण राठौर ने बताया कि वह राजेश अग्रवाल के साथ मिलकर मोबाइल के माध्यम से सट्टा संचालन कर रहा था। इसके बाद पुलिस ने राजेश अग्रवाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की और सट्टा अपराध में उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
जुआ-सट्टा के खिलाफ आगे भी जारी रहेगी सख्ती
रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


