रायगढ़, 23 मई 2026। रायगढ़ पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित जनरल परेड के दौरान कानून व्यवस्था की स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए बलवा ड्रिल का व्यापक अभ्यास कराया गया। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने परेड की सलामी ली और पूरी ड्रिल प्रक्रिया का गहन निरीक्षण किया।

परेड के दौरान उत्कृष्ट टर्न आउट प्रदर्शित करने वाले पुलिसकर्मियों को एसएसपी द्वारा पुरस्कृत किया गया, जिससे जवानों का उत्साह बढ़ा।
ड्रिल के दौरान पुलिस बल को भीड़ नियंत्रण, तनावपूर्ण परिस्थितियों से निपटने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी गई। इसके लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया, जिनमें अश्रुगैस पार्टी, फायर पार्टी, मेडिकल टीम, इंटेलिजेंस टीम और मजिस्ट्रेट डेमो अधिकारी शामिल रहे।

अभ्यास में बलवाई की भूमिका निभा रहे पुलिसकर्मियों द्वारा प्रतीकात्मक रूप से गेंदें फेंककर भीड़ का उग्र स्वरूप दर्शाया गया, जिसके जवाब में पुलिस ने नियंत्रित और रणनीतिक कार्रवाई का अभ्यास किया। इस दौरान वास्तविक अश्रुगैस का उपयोग कर स्थिति नियंत्रण की प्रक्रिया को भी परखा गया।
ड्रिल में सड़क दुर्घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति का डेमो प्रस्तुत किया गया, जिसमें पुलिस ने संयम और रणनीति के साथ भीड़ नियंत्रण का अभ्यास किया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्वयं ड्रिल में भाग लेकर व्यवस्था का अवलोकन किया और कमियों को चिन्हित कर सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल को हर परिस्थिति में अनुशासन, धैर्य और रणनीतिक सोच के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में कानून व्यवस्था बनी रहे।
इस अवसर पर सीएसपी मयंक मिश्रा, डीएसपी उन्नति ठाकुर, प्रशिक्षु डीएसपी अजय नागवंशी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों के पुलिस अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।


