निगरानी बदमाश फिर पहुंचा सलाखों के पीछे: मजदूर से लूटपाट मामले में घरघोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, जिला बदर के बाद भी नहीं सुधरा आरोपी

Advertisement

रायगढ़, 22 मई 2026 : मजदूर से मारपीट कर नकदी छीनने वाले निगरानी बदमाश को पुलिस ने दबोचा

जिले में अपराधियों और निगरानी बदमाशों पर सख्त निगरानी के तहत रायगढ़ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में घरघोड़ा पुलिस ने निगरानी बदमाश मोहसीम खान उर्फ भुरू पठान को लूटपाट के मामले में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गांव लौटने के बाद फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था।

मजदूरी से लौट रहे युवक के साथ की मारपीट, जेब से नकदी छीनी

पुलिस के अनुसार ग्राम कपाटबहरी थाना सीतापुर जिला अंबिकापुर निवासी अरूण कुमार एक्का ने नवंबर 2025 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 21 अक्टूबर 2025 की रात करीब 8:30 बजे ड्यूटी खत्म कर वह अपने पिकअप वाहन की ओर जा रहा था। इसी दौरान गुप्ता होटल के पास पीछे से पहुंचे मोहसीम खान उर्फ भुरू पठान ने उसके साथ मारपीट की और नशे के लिए पैसे मांगने लगा।

विरोध करने पर आरोपी ने उसकी शर्ट की जेब से 500 रुपये जबरन निकाल लिए। इसके साथ ही मोबाइल छीनने की कोशिश के दौरान मोबाइल जमीन पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।

मुखबिर सूचना पर रात में घेराबंदी कर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने प्रार्थी और गवाहों के बयान दर्ज किए। घटना के बाद आरोपी फरार चल रहा था। जांच पूरी होने के बाद 21 मई 2026 को आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 175/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया गया।

थाना प्रभारी कुमार गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिरों को सक्रिय किया। देर रात आरोपी के गांव में मौजूद होने की सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने घटना स्वीकार कर ली, जिसके बाद पुलिस ने उससे शेष लूट की रकम भी जब्त की।

जिला बदर की कार्रवाई के बाद भी नहीं बदला आपराधिक व्यवहार

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोहसीम खान उर्फ भुरू पठान का आपराधिक इतिहास पुराना है। वर्ष 2008 में चोरी और वर्ष 2010 में लूटपाट के मामलों में उसके खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। लगातार आपराधिक गतिविधियों के चलते वर्ष 2015 में उसके खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई भी की गई थी। इसके बावजूद आरोपी के व्यवहार में सुधार नहीं आया।

रायगढ़ पुलिस ने दोहराया सख्त संदेश

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले के निगरानी बदमाशों और आदतन अपराधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अपराध में दोबारा संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article