सोशल मीडिया पर फेक न्यूज फैलाने वालों की अब खैर नहीं! बलौदाबाजार पुलिस की पैनी नजर, होगी जेल

Advertisement

बलौदाबाजार: जिले में अमन चैन और कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए बलौदाबाजार भाटापारा पुलिस अब पूरी तरह से ‘एक्शन मोड’ में आ गई है. जिला पुलिस प्रशासन ने विशेष जागरूकता और चेतावनी पोस्टर जारी कर साफ कर दिया गया है कि सोशल मीडिया में की जाने वाली हर एक संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस की ‘तीसरी आंख’ यानी साइबर सेल की पैनी नजर है. इस पूरे मामले पर बलौदाबाजार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अभिषेक सिंह ने ‘ईटीवी भारत’ से विशेष बातचीत की और सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग को लेकर पुलिस के कड़े रुख और आगामी कार्ययोजना को साझा किया.

अफवाह फैलाई तो सीधे होगी कानूनी कार्रवाई

​पुलिस प्रशासन द्वारा जारी निर्देश के अनुसार, यदि कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बिना किसी प्रामाणिकता के खबरें या सूचनाएं साझा करता है, जिससे समाज में डर, नफरत या अशांति फैलने का अंदेशा हो, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा.

इन गतिविधियों पर रहेगी पुलिस की ‘चौकस नजर’

  • फेक न्यूज (Fake News): किसी भी घटना या सूचना को तोड़-मरोड़ कर पेश करना या झूठी खबरें वायरल करना
  • भड़काऊ बयान अथवा पोस्ट: किसी धर्म, जाति, वर्ग या समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक या नफरत फैलाने वाली बातें लिखना
  • ​अफवाहें उड़ाना: बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के किसी भी संवेदनशील मुद्दे पर भ्रामक जानकारी फैलाना

साइबर सेल की रहेगी ‘चौकस नजर’, सोशल मीडिया की 24 घंटे होगी मॉनिटरिंग: ASP

​’ईटीवी भारत’ से चर्चा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) अभिषेक सिंह ने कहा: ​”इंटरनेट और सोशल मीडिया के इस दौर में अफवाहें और फेक न्यूज बहुत तेजी से फैलती हैं, जिससे कई बार जमीनी स्तर पर कानून व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती खड़ी हो जाती है. बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस इसे लेकर पूरी तरह सतर्क है. हमारी साइबर सेल की एक विशेष टीम चौबीसों घंटे सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की बारीकी से मॉनिटरिंग कर रही है.”

ग्रुप एडमिन भी होंगे जिम्मेदार: अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

​ASP अभिषेक सिंह ने स्पष्ट किया कि केवल पोस्ट करने वाला ही नहीं, बल्कि उस भ्रामक कंटेंट को बढ़ावा देने वाले भी पुलिस के राडार पर रहेंगे. उन्होंने कहा कि ​बिना पुष्टि के फॉरवर्ड करने पर भी कार्रवाई होगी. यदि कोई व्यक्ति बिना जांचे-परखे किसी भड़काऊ या झूठी खबर को आगे बढ़ाता है, तो उस पर भी कानूनी गाज गिरेगी.

​ग्रुप एडमिन रखें ध्यान: व्हाट्सएप या अन्य सोशल मीडिया ग्रुप के एडमिन अपने ग्रुप की सेटिंग्स को दुरुस्त रखें और यह सुनिश्चित करें कि उनके ग्रुप में कोई भी आपत्तिजनक या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट न डाली जाए.

दोषियों के खिलाफ होगी सीधे जेल की कार्रवाई

​अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि जो लोग फर्जी आईडी बनाकर या छिपकर माहौल खराब करने की सोच रहे हैं, वे यह मुगालता छोड़ दें. पुलिस का तकनीकी दस्ता बेहद मजबूत है और ऐसे लोगों को ट्रेस करना मुश्किल नहीं है.

अगर किसी भी व्यक्ति या समूह द्वारा समाज में नफरत फैलाने, किसी वर्ग की भावनाओं को ठेस पहुंचाने या शांति भंग करने की कोशिश की गई, तो पुलिस बिना किसी ढिलाई के सख्त से सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज करेगी और दोषियों को सीधे जेल भेजा जाएगा- अभिषेक सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, बलौदाबाजार

​’ईटीवी भारत’ के माध्यम से आम जनता से अपील

​ASP अभिषेक सिंह ने ‘ईटीवी भारत’ के दर्शकों और बलौदाबाजार जिले की जनता से एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने की अपील की है. उन्होंने कहा कि किसी भी सुनी-सुनाई बात या भ्रामक मैसेज पर भरोसा न करें. यदि उनके आसपास या सोशल मीडिया पर कोई संदिग्ध या भड़काऊ पोस्ट दिखती है, तो उसकी सूचना तुरंत नजदीकी थाने या जिला पुलिस के साइबर सेल को दें. ​बलौदाबाजार पुलिस का यह सख्त कदम साफ संदेश देता है कि जिले में अमन-चैन से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

Share This Article