कोरबा: नया विद्युत कनेक्शन लगवाने के लिए अब बार बार बिजली ऑफिस के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ेगी. घर बैठे पूरी प्रक्रिया पूरी होगी, मकान और संबंधित स्थान पर आसानी से बिजली मीटर लग जाएगा.
घर बैठे बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की नई व्यवस्था के तहत नया कनेक्शन लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया की शुरुआत की गई है. अब घर बैठे ही कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या मोबाइल ऐप के माध्यम से नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया जा सकता है.
प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन
इस पहल का उद्देश्य प्रक्रिया में पारदर्शिता और सरलता लाना है. डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी ने उपभोक्ताओं को दी जाने वाली सेवा में विस्तार करते हुए नया विद्युत कनेक्शनों के आवेदन प्रक्रिया को पूर्णतः ऑनलाइन कर दिया है.

छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन
इस तरह कर सकते हैं आवेदन
अब किसी भी आम आदमी को नया बिजली कनेक्शन के लिए विद्युत कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी. नए कनेक्शनों के ऑनलाइन आवेदन मोर बिजली एप या सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) में कंपनी वेबसाइट के माध्यम से भी कर सकता है. डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के वेबसाइट पर जाकर भी सीधे आवेदन किया जा सकता है, जो भी दस्तावेज मांगे जाएंगे वह ऑनलाइन अपलोड किया जा सकते हैं. स्थाई घर का पता और अन्य मूलभूत दस्तावेजों की आवश्यकता होगी.
कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं
सीएसपीडीसीएल कोरबा कार्यालय में पदस्थ कार्यपालन यंत्री एसके सोनी ने बताया कि नवीन विद्युत कनेक्शनों के आवेदन पंजीकरण की प्रक्रिया पूर्ण रूप से ऑनलाइन ही किए गए हैं. नवीन कनेक्शन के लिए विद्युत कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट में पंजीयन किया जा सकता है. ऐसे आवेदक जो आवेदन ऑनलाइन नहीं कर भौतिक रूप से वितरण केन्द्र, जोन व उपसंभाग कार्यालय में प्रस्तुत करते हैं, उनके आवेदनों को ऑनलाइन कनेक्शन संबंधित कार्यालयों के हेल्प डेस्क के लिए जिम्मेदार ऑफिस स्टॉफ, कनिष्ठ अभियंता, सहायक अभियंता द्वारा कार्यालय के कम्प्यूटर सिस्टम में ऑनलाइन पंजीबद्ध करना होगा.

नया बिजली कनेक्शन के लिए ऑनलाइन अप्लाई करें
अधिकारी ने आगे बताया कि आवेदन आवेदक के मोबाइल नम्बर से ही ऑनलाइन पंजीकृत किया जाएगा. नजदीकी वितरण कार्यालय में भी इसकी सूचना जाएगी. संबंधित अधिकारी ऑनलाइन प्राप्त आवेदन के आधार पर डिमांड नोट जनरेट कर मीटर लगा दिया जाएगा. इस तरह से आवेदक को कार्यालय आने की आवश्यकता नहीं है. नए कनेक्शन के लिए प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन पूरी की जाएगी.
