बेंगलुरु–मुंबई रेल कनेक्टिविटी को नई रफ्तार: एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी, जल्द शुरू होगी वंदे भारत स्लीपर सेवा

Advertisement

बेंगलुरु। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज बेंगलुरु और मुंबई के बीच चलने वाली नई एक्सप्रेस ट्रेन को वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस कदम से कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच रेल संपर्क और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।

रेल मंत्री ने इस मौके पर कहा कि लंबे समय से लंबित मांगों को अब तेजी से पूरा किया जा रहा है और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई दिशा दी जा रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि बेंगलुरु–मुंबई रूट पर जल्द ही वंदे भारत स्लीपर सेवा शुरू की जाएगी, जिससे यात्रियों को तेज और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी।

रेल इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़ा विस्तार, हजारों करोड़ की परियोजनाएं जारी

कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री ने बताया कि कर्नाटक में रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 61 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें कई कार्य पूरे भी हो चुके हैं। बेंगलुरु कैंटोनमेंट और यशवंतपुर स्टेशन के आधुनिकीकरण पर भी सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 2014 के बाद राज्य में लगभग 1750 किलोमीटर नई रेल लाइनें बिछाई गई हैं और कई मार्गों का विद्युतीकरण पूरा किया जा चुका है, जिससे रेलवे संचालन और अधिक सुचारु हुआ है।

बेंगलुरु उपनगरीय रेलवे परियोजना पर तेज़ी से काम जारी

रेल मंत्री ने कहा कि बेंगलुरु उपनगरीय रेलवे नेटवर्क के चारों कॉरिडोर पर काम प्रगति पर है। यह परियोजना एयरपोर्ट, इलेक्ट्रॉनिक सिटी और व्हाइटफील्ड जैसे प्रमुख क्षेत्रों को जोड़कर शहर की ट्रैफिक समस्या को कम करने में अहम भूमिका निभाएगी।

वंदे भारत और बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर भी बड़ा अपडेट

उन्होंने जानकारी दी कि कर्नाटक में वर्तमान में वंदे भारत ट्रेनों की 12 जोड़ी सेवाएं चल रही हैं और कई नए रूट पर परीक्षण जारी है। साथ ही बेंगलुरु–चेन्नई और बेंगलुरु–हैदराबाद के बीच बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को भी मंजूरी मिल चुकी है।

नेताओं ने जताया आभार, विकास को बताया ऐतिहासिक कदम

कार्यक्रम में मौजूद रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने नई ट्रेन सेवा के लिए केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि यह कदम दक्षिण भारत के सबसे व्यस्त रेल मार्गों पर यात्रियों को बड़ी राहत देगा और क्षेत्रीय विकास को गति देगा।

Share This Article