भटगांव। जिला बेमेतरा के विकासखंड नवागढ़ अंतर्गत ग्राम कुंवारा निवासी सतीश मारकंडे का एक अनोखा आवेदन इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सुशासन तिहार के दौरान आबकारी विभाग को दिए गए इस आवेदन ने लोगों के बीच नई बहस छेड़ दी है।
आवेदन में रखी गई अनोखी मांग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आवेदन में मांग की गई है कि जिस तरह शासन की विभिन्न योजनाओं और प्रचार सामग्री में मुख्यमंत्री तथा प्रभारी मंत्री की तस्वीरें लगाई जाती हैं, उसी प्रकार शासन द्वारा बेची जाने वाली शासकीय शराब की बोतलों पर भी मुख्यमंत्री और प्रभारी मंत्री की फोटो अंकित की जाए।
आवेदन में यह तर्क दिया गया है कि यदि सरकारी योजनाओं और अन्य प्रचार माध्यमों में जनप्रतिनिधियों के चित्र लगाए जाते हैं, तो शासन के अंतर्गत संचालित अन्य व्यवस्थाओं में भी समान रूप से ऐसा किया जाना चाहिए।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
आवेदन सामने आने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लोग इसे तेजी से साझा कर रहे हैं। कई लोग इस आवेदन को व्यंग्यात्मक अंदाज में दिया गया आवेदन मान रहे हैं, जबकि कुछ इसे सरकारी व्यवस्था पर कटाक्ष के रूप में देख रहे हैं।
स्थानीय स्तर पर भी इस आवेदन को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। लोग इसे अलग सोच और विरोध दर्ज कराने का अनोखा तरीका बता रहे हैं।
आवेदन की हुई पुष्टि
मामले की पुष्टि के लिए नईदुनिया संवाददाता ने आवेदन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। बातचीत के दौरान आवेदनकर्ता सतीश मारकंडे ने आवेदन प्रस्तुत करने की बात स्वीकार की।
इसके बाद यह मामला और अधिक चर्चा में आ गया। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि संबंधित विभाग इस आवेदन पर क्या प्रतिक्रिया देता है और क्या इस संबंध में कोई आधिकारिक जवाब सामने आता है।


