नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का खेल बेनकाब, ठगी की रकम से खरीदी बोलेरो, आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

सक्ती जिले की मालखरौदा पुलिस ने SECL गेवरा प्रोजेक्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी सुरेश कुमार दुबे को कोरबा से गिरफ्तार किया है। साल 2011 में हुई इस धोखाधड़ी के बाद से आरोपी लगातार फरार था और उसने ठगी के पैसों से एक बोलेरो गाड़ी भी खरीद ली थी।

 सक्ती : नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपित को मालखरौदा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपित ने प्रार्थी एवं अन्य पीड़ितों से कुल 12 लाख रुपये की ठगी की थी तथा ठगी की रकम में से पांच लाख 75 हजार रुपये से बोलेरो वाहन खरीदा था।
पुलिस के अनुसार प्रार्थी डालेश्वर प्रसाद चंद्रा, निवासी ग्राम सकर्रा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोगों ने एसईसीएल गेवरा प्रोजेक्ट में नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे रुपये लिए हैं। जांच के दौरान यह सामने आया कि वर्ष 2011 में आरोपित सुरेश कुमार दुबे (57 वर्ष), ग्राम नुनेरा (भेलवाभांटा), थाना पाली, जिला कोरबा ने प्रार्थी एवं अन्य लोगों से नौकरी लगाने के नाम पर करीब 12 लाख रुपये वसूल किए थे।
शिकायत की जांच पूर्ण होने के बाद 16 अगस्त को थाना सक्ती में धारा 420 भादवि मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपित सुरेश कुमार दुबे लगातार फरार था।
इसी दौरान साइबर टीम को सूचना मिली कि आरोपित अपने गांव नुनेरा आया हुआ है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपित सुरेश कुमार दुबे ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद 16 मई को उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Share This Article