लवन में शराब दुकान के खिलाफ ग्रामीणों का बड़ा प्रदर्शन, महिलाओं और पुरुषों ने थाने का घेराव कर बंद कराने की उठाई मांग

Advertisement
शराब दुकान को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण लवन थाना पहुंचे और शराब दुकान बंद कराने की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया।

बलौदा बाजार। बलौदाबाजार जिले के लाहौद स्थित शराब दुकान को लेकर रविवार को बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण लवन थाना पहुंचे और शराब दुकान बंद कराने की मांग को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि दुकान खुलने के बाद से गांव का माहौल लगातार बिगड़ रहा है और आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है।

10 रुपये ज्यादा वसूली का विरोध बना विवाद 
ग्रामीणों के मुताबिक शराब दुकान में कर्मचारियों द्वारा निर्धारित कीमत से अधिक रकम वसूली जा रही थी। बताया जा रहा है कि प्रति पाव शराब पर 10 रुपये अतिरिक्त लिए जा रहे थे। इसी बात का विरोध करने पहुंचे दो युवकों से कर्मचारियों की बहस हो गई, जिसके बाद मामला अचानक बढ़ गया।

युवकों को दुकान में बंद करने का आरोप
आरोप है कि गुस्साए कर्मचारियों ने दोनों युवकों को पकड़कर शराब दुकान के अंदर बंद कर दिया और बाहर से ताला लगवा दिया। घटना की जानकारी गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने दुकान का ताला तोड़कर दोनों युवकों को बाहर निकाला। इस दौरान ग्रामीणों और कर्मचारियों के बीच मारपीट भी हुई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया।

पुलिस कार्रवाई के बाद थाने का घेराव
घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर कांउटर केस दर्ज कर लिया, पुलिस कार्रवाई से नाराज ग्रामीणों ने शराब दुकान के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए लवन थाना का घेराव कर दिया। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से शराब दुकान को स्थायी रुप से बंद करने की मांग की।

ग्रामीणों की चेतावनी
ग्रामीणों का कहना है कि शराब दुकान के कारण गांव में लगातार विवाद और असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

थाना परिसर में बढ़ाई गई सुरक्षा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लवन थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

Share This Article