शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: विनय कुमार मौर्य, सम्पूर्ण समाधान दिवस में 23 शिकायतें दर्ज

Advertisement

माधौगढ़ (जालौन)

सम्पूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने भूमि विवाद, अवैध कब्जे और सार्वजनिक समस्याओं से जुड़े मामले उठाए

तहसील माधौगढ़ के सभागार में उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी अम्बुज सिंह यादव तथा खंड विकास अधिकारी माधौगढ़ संदीप मिश्रा मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे शिकायतकर्ताओं ने भूमि विवाद, अवैध कब्जा, चकरोड, नाली, पैमाइश और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।

विभिन्न गांवों से पहुंचे शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन के सामने रखीं अपनी समस्याएं

शिकायतकर्ता सतेन्द्र सहबाजपुर ने चकमार्ग खुलवाने की मांग की। धनवेन्द्र सिंह दाबर ने अवैध कब्जे वाली जगह की पैमाइश कराने की मांग रखी। महेन्द्र सिंह इटवां कनार ने विपक्षी द्वारा दरवाजे के सामने किए जा रहे अवैध निर्माण को रुकवाने और कानूनी कार्रवाई की मांग की।

विपिन कुमार इटवां कनार ने आरोप लगाया कि विपक्षी दबंगई के बल पर उनके आवासीय पट्टे पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है और कब्जा हटवाने की मांग की। वहीं प्रभा देवी पिचौरा और किरन कुमारी गोहन ने खेत की पैमाइश कराने की बात कही।

कप्तान सिंह गोहन ने मौजा केशोपुर स्थित सरकारी नाली गाटा संख्या 215 खुलवाने का मामला उठाया। राजेश रेंढ़र ने परवाना अमलदरामद कराने की गुहार लगाई। मुकेश बाथम सोप्ता ने हदबंदी पत्थर गड्डी कराने की मांग रखी।

सुरेश चंद्र ऊमरी जागीर ने गाटा विस्मार संबंधी शिकायत दर्ज कराई। गिरजाशंकर रामपुरा ने रास्ते में लगे हैंडपंप को अन्यत्र स्थापित कराने की मांग की। दयाशंकर बहराईं ने आवासीय पट्टा दिए जाने की मांग रखी।

गिरीन्द्र गोहन ने नाली की पैमाइश कराने की मांग की, जबकि तौसीब गोहन ने मौजा सरावन की सरकारी नाली और चकरोड की नाप कराकर उसे सुरक्षित और संरक्षित कराने का मुद्दा उठाया। राजकुमार सिंह गोहन ने विपक्षी पर प्लॉट पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।

इसके अलावा ग्रेट इंडिया महासभा ने गोहन-कुठौंद सड़क मार्ग के चौड़ीकरण की मांग उठाई, जबकि कैलाश चंद्र द्विवेदी एडवोकेट ने लंबित पत्रावलियों के मुद्दे को प्रशासन के समक्ष रखा।

कुल 23 शिकायतें दर्ज, दो मामलों का मौके पर किया गया निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 23 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से दो शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। बाकी मामलों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया।

शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान के निर्देश, अधिकारियों को दी सख्त चेतावनी

उपजिलाधिकारी विनय कुमार मौर्य ने अधीनस्थ अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का समाधान समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की मौजूदगी में संतुष्टिपूर्ण ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

इस अवसर पर ज्ञान प्रकाश अवस्थी खंड शिक्षा अधिकारी माधौगढ़, मुक्तेश कुमार गुप्ता खंड शिक्षा अधिकारी रामपुरा, भुवनेन्द्र कुमार नायब तहसीलदार, शिवकरन सिंह उपनिरीक्षक माधौगढ़, भारत सिंह सहायक विकास अधिकारी, राजेश कुमार सिंह एआरओ माधौगढ़, संदीप सिंह राजावत अध्यक्ष लेखपाल संघ, कल्लू सिंह महामंत्री, मंसूर खान, अजीत यादव, शिवम शांडिल्य सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Share This Article