बलरामपुर। थाना रघुनाथनगर पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जनकपुर साप्ताहिक बाजार से लौट रहे युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने आरोपी बंधू सिंह आयाम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
साप्ताहिक बाजार से लौटते समय पीछे से किया गया जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार मामला थाना रघुनाथनगर क्षेत्र का है। बगईनार निवासी राम प्रसाद सिंह 13 मई 2026 को जनकपुर साप्ताहिक बाजार में सब्जी बेचने गया था। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच बाजार से लौटते समय आरोपी बंधू सिंह आयाम ने पीछे से टांगी से राम प्रसाद सिंह की गर्दन पर हमला कर दिया।
हमले के बाद राम प्रसाद सिंह मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़ा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और घायल को उपचार के लिए अंबिकापुर भेजा गया। उपचार के दौरान 14 मई 2026 को उसकी मौत हो गई।
मृतक के भाई की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज
घटना के बाद जिला चिकित्सालय अंबिकापुर में मर्ग पंचनामा की कार्रवाई की गई। मृतक के भाई की रिपोर्ट पर थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 53/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और आरोपी की तलाश शुरू की।
जंगल से गिरफ्तार हुआ आरोपी, पूछताछ में कबूला जुर्म
पुलिस ने 15 मई 2026 को जनकपुर के जंगल क्षेत्र से आरोपी बंधू सिंह आयाम, पिता रामशरण, उम्र 36 वर्ष, निवासी जनकपुर को हिरासत में लिया। थाना लाकर पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर शक था, जिसके चलते उसने राम प्रसाद सिंह पर हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या में प्रयुक्त टांगी भी बरामद
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में प्रयुक्त लोहे की टांगी को झाड़ियों में फेंकने की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर गवाहों के समक्ष हत्या में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 15 मई 2026 को माननीय न्यायालय वाड्रफनगर में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे रामानुजगंज जेल भेज दिया गया।


