रायपुर। खाड़ी युद्ध के चलते बने हालात के बीच छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के सरकारी वाहनों के पेट्रोल-डीजल में कटौती कटौती करने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस बाबत मंगलवार को संकेत दिए। उल्लेखनीय है कि, पीएम मोदी ने सोमवार को ही पेट्रोलियम पदाथों के खर्च में मितव्ययता बरतने की अपील की है।
पीएम मोदी की अपील पर करेंगे अमल: सीएम साय
मंगलवार की शाम मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम श्री साय ने कहा कि, PM मोदी की अपील पर सरकार बड़ा निर्णय लेने जा रही है। उन्होंने कहा कि, सरकारी वाहनों में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के संबंध में जल्द ही कटौती पर कोई निर्णय लेंगे। उन्होंने साफ कहा कि, यह निर्णय सरकार PM मोदी के सुझाव पर लेने जा रही है।
पीएम मोदी की अपील पर सियासत
उल्लेखनीय है कि, पीएम मोदी की अपील के बाद छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी ने इस पर सवाल उठाया था। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बाकायदा प्रेस कांफ्रेंस कर कहा कि, पीएम मोदी को खाने के तेल, पेट्रोल डीजल में कटौती, वर्क फ्रॉम होम और सोना नहीं खरीदने जैसी अपील क्यों करनी पड़ी। जब से मोदी पीएम बने तब से देश में महंगाई चरम पर है। उन्होंने कहा कि, हमारे नेता राहुल गांधी यह बात लगातार कहते रहे हैं, महंगाई के लिए पीएम मोदी जिम्मेदार हैं। उन्होंने कहा कि, जब पानी सिर से ऊपर चला गया तो ऐसी अपील कर रहे हैं, उन्होंने देश का बेड़ा गर्क कर दिया है।
