धरमजयगढ़ में हाई वोल्टेज विवाद: मलका रिनीवल एनर्जी के जीएम रोहित श्रीवास्तव के खिलाफ धनवाड़ा कंपनी ने थाने में दी शिकायत, FIR की मांग

Advertisement

प्रतीक मल्लिक ✍️

धरमजयगढ़। विद्युत परियोजना को लेकर बढ़ा विवाद, कंपनी ने कार्य में बाधा और मानसिक उत्पीड़न के लगाए गंभीर आरोप
धरमजयगढ़ क्षेत्र में संचालित विद्युत परियोजना को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। धनवाड़ा पावर एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड के संचालक द्वारा थाना धरमजयगढ़ में लिखित शिकायत सौंपते हुए मलका रिनीवल एनर्जी के जनरल मैनेजर रोहित श्रीवास्तव के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। कंपनी ने आरोप लगाया है कि परियोजना कार्य में सुनियोजित बाधा उत्पन्न की जा रही है, मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है तथा झूठे प्रकरणों में फंसाने की साजिश रची जा रही है।

भालूपखना स्थित 7.5 मेगावाट लघुजल विद्युत परियोजना में करोड़ों के निवेश का हवाला देकर जताई चिंता
कंपनी द्वारा 10 मई 2026 को थाना प्रभारी धरमजयगढ़ को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि ग्राम भालूपखना में विकसित 7.5 मेगावाट लघुजल विद्युत परियोजना में करोड़ों रुपये का निवेश किया गया है। कंपनी के अनुसार यह परियोजना मुख्य रूप से वर्षा ऋतु में सीमित समय के लिए विद्युत उत्पादन करती है, ऐसे में कार्य में किसी भी प्रकार का अवरोध कंपनी को भारी आर्थिक एवं प्रशासनिक नुकसान पहुंचा सकता है।

पूर्व में लाइजनिंग कार्य से जुड़े रहे रोहित श्रीवास्तव पर गोपनीय दस्तावेज बाहर पहुंचाने का आरोप
शिकायत पत्र में कंपनी ने उल्लेख किया है कि रोहित श्रीवास्तव पूर्व में कंपनी के लाइजनिंग कार्य से जुड़े हुए थे, लेकिन वर्तमान में उनका कंपनी से कोई संबंध नहीं है। इसके बावजूद कंपनी ने आरोप लगाया है कि वे आंतरिक दस्तावेजों एवं गोपनीय जानकारियों को विभिन्न माध्यमों से बाहरी व्यक्तियों तक पहुंचाकर अलग-अलग लोगों के माध्यम से लगातार RTI आवेदन लगवा रहे हैं।

झूठे प्रकरणों में फंसाने और अधिकारियों पर दबाव बनाने का लगाया आरोप
कंपनी का कहना है कि इन गतिविधियों के कारण न केवल नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं, बल्कि विभिन्न शासकीय विभागों एवं अधिकारियों पर भी अनावश्यक प्रशासनिक एवं मानसिक दबाव बनाया जा रहा है। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि अधिकारियों, कर्मचारियों एवं परियोजना से जुड़े लोगों को झूठे आपराधिक मामलों, मारपीट, अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार अधिनियम तथा महिला संबंधी झूठे आरोपों में फंसाने की साजिश की जा रही है।

ट्रांसमिशन लाइन कार्य से जुड़े कांट्रेक्टरों को भी प्रताड़ित करने की शिकायत
आवेदन में कहा गया है कि ट्रांसमिशन लाइन कार्य से जुड़े कांट्रेक्टरों एवं संबंधित अधिकारियों के खिलाफ भी शिकायत और FIR कराने का माहौल बनाकर मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का प्रयास किया जा रहा है। कंपनी ने पुलिस को कुछ डिजिटल साक्ष्य सौंपने की बात भी कही है और मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच की मांग की है।

कंपनी ने FIR दर्ज कर सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की
धनवाड़ा कंपनी ने थाना प्रभारी से रोहित श्रीवास्तव के खिलाफ वैधानिक FIR दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने, कंपनी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना, दबाव, धमकी या झूठे प्रकरण की स्थिति में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।

गोपनीय दस्तावेज और RTI आवेदन को लेकर उठे कई सवाल, मामला बना चर्चा का विषय
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि जब रोहित श्रीवास्तव धनवाड़ा कंपनी में लाइजनिंग कार्य से जुड़े हुए थे, तब उनके पास कंपनी के कई आंतरिक दस्तावेज एवं गोपनीय जानकारियां थीं। कंपनी का आरोप है कि उन्हीं जानकारियों को बाहरी व्यक्तियों तक पहुंचाकर लगातार RTI आवेदन लगाए जा रहे हैं।
अब पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि आखिर वर्तमान में मलका रिनीवल एनर्जी के जनरल मैनेजर रोहित श्रीवास्तव के पास ऐसी कौन-सी गोपनीय जानकारी है, जिसके कारण धनवाड़ा कंपनी को सीधे धरमजयगढ़ थाने पहुंचकर लिखित शिकायत देने की नौबत आ गई। इस घटनाक्रम के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

Share This Article