एमसीबी में 24 घंटे के अंदर मिली दो लाशें, मचा हड़कंप, पुलिस की जांच जारी

Advertisement

मनेंद्रगढ़ चिरमिरी भरतपुर: छत्तीसगढ़ के वनांचल जिलों में शुमार मनेंद्रगढ़ में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है. रविवार को बीते 24 घंटे के अंदर दो लोगों की लाश बरामद हुई है. पहली घटना झगराखांड थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पाराडोल की है. यहां एक 60 साल के बुजुर्ग की लाश नदी किनारे मिली है. शुरुआती जानकारी में पता चला है कि बुजुर्ग ने अकेलेपन की वजह से जान दे दी है.

अकेलेपन की वजह से बुजुर्ग ने दी जान

बताया जा रहा है कि अमरसाय की पत्नी का करीब 25 साल पहले निधन हो गया था. पत्नी की मौत के बाद से वह काफी अकेले रहने लगे थे. घर में उनके एक बेटे के अलावा कोई अन्य सदस्य नहीं था. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से अकेलेपन और मानसिक तनाव के कारण वह शराब के आदी हो गए थे और अक्सर परेशान दिखाई देते थे. इसी वजह से उन्होंने जानलेवा कदम उठाया होगा.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की गई.पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है. पहली नजर में यह जान देने से जुड़ा केस है. पुलिस आगे की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत की असली वजह का पता चलेगा
– वासुदेव परगनिहा, झगराखाण्ड थाना प्रभारी

जनकपुर में महिला का शव बरामद

एमसीबी जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र से भी एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां फूलझर नाला के पास जंगल में एक अज्ञात महिला का शव मिला है. प्रारंभिक जांच में शव करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, ग्रामीण तेंदूपत्ता तोड़ने जंगल गए हुए थे. इसी दौरान महिला के शव पर लोगों की नजर पड़ी. उसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही जनकपुर थाना प्रभारी कमलेश देवांगन अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

शव काफी पुराना होने के कारण महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है. महिला की शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में भी जानकारी भेजी जा रही है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि महिला कौन थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. पोस्टमार्टम के बाद केस में और खुलासा हो सकेगा-
कमलेश देवांगन, जनकपुर थाना प्रभारी

पुलिस ने दोनों केस की जांच शुरू कर दी है. जांच के बाद ही दोनों मौतों के बारे में और जानकारी हासिल हो सकती है. इन दो घटनाओं से इलाके में डर का माहौल है.

Share This Article