कुसमुंडा खदान में CBI की बड़ी कार्रवाई, क्लर्क रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, भ्रष्टाचार पर सख्त शिकंजा

Advertisement
जिले की कुसमुंडा खदान में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की टीम ने एक क्लर्क को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया।
कोरबा। कोरबा जिले की कुसमुंडा खदान में भ्रष्टाचार के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसईसीएल के सीएमपीएफ विभाग में पदस्थ एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मनोहर लाल कौशिक के रूप में हुई है। इस कार्रवाई के बाद खदान क्षेत्र और विभागीय कार्यालयों में हड़कंप मच गया है।

PF राशि निकालने रिश्वत की मांग
जानकारी के अनुसार, एक खदान कर्मी अपने भविष्य निधि (PF) की राशि निकालने की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए सीएमपीएफ कार्यालय पहुंचा था। आरोप है कि संबंधित क्लर्क ने फाइल आगे बढ़ाने के बजाय कर्मचारी को कई दिनों तक परेशान किया और बाद में काम कराने के बदले रिश्वत की मांग कर दी। लगातार हो रही परेशानी से तंग आकर कर्मचारी ने मामले की शिकायत सीबीआई से कर दी। शिकायत मिलने के बाद एजेंसी ने पूरे मामले की गोपनीय जांच शुरू की।

भिलाई से पहुंची CBI टीम 
सूत्रों के मुताबिक, सीबीआई की विशेष टीम भिलाई से कोरबा पहुंची थी। टीम ने पहले शिकायत की पुष्टि की और फिर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। रविवार को तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी क्लर्क ने रिश्वत की रकम ली, सीबीआई अधिकारियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद विभाग में मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है, मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। लंबे समय से विभागीय कामकाज को लेकर परेशान खदान कर्मियों ने इस कार्रवाई पर खुशी जताई है। सीबीआई यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वतखोरी का यह मामला अकेले एक कर्मचारी तक सीमित था या इसमें और भी लोग शामिल थे।

Share This Article