कदौरा रोड पर ट्रक-बाइक भिड़ंत, गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम
उरई (जालौन)। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को कदौरा रोड पर तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शशिकांत कुशवाहा (उम्र लगभग 35 वर्ष), पुत्र कमलेश, निवासी ग्राम बरही, विकासखंड कदौरा, तहसील कालपी, बुधवार सुबह अपनी बाइक की सर्विस कराने पुखरांया कस्बे गया था। लौटते समय वह अपने गांव बरही वापस जा रहा था।
बेकाबू ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
सुबह करीब साढ़े 10 बजे जोल्हूपुर मोड़–हमीरपुर हाईवे पर बरही बंबा के पास एक तेज रफ्तार और बेकाबू ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर गिर पड़ा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
घटना की सूचना पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल शशिकांत कुशवाहा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालपी पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्साधिकारी डॉ. आदर्श गौतम ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।


