रायगढ़ प्रवास में टीएस सिंहदेव का सरकार पर हमला, भाजपा शासन को बताया आत्ममुग्ध

By
Advertisement
Advertisement

शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को लेकर उठाए गंभीर सवाल

रायगढ़। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने रायगढ़ प्रवास के दौरान मीडिया से बातचीत में राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार आत्ममुग्धता में कार्य कर रही है और जन अपेक्षाओं के विपरीत निर्णय ले रही है। सिंहदेव ने शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों और कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा।

स्कूल शिक्षा व्यवस्था पर जताई चिंता

टीएस सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था की मजबूत रूपरेखा तैयार की गई थी, लेकिन वर्तमान सरकार के दौरान प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी स्तर तक स्थिति कमजोर हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षकों की कमी, सेटअप में अव्यवस्था और संसाधनों के अभाव से सरकारी स्कूल प्रभावित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अभिभावक मजबूरी में अपने बच्चों को निजी स्कूलों में भेज रहे हैं। स्कूल शिक्षा मंत्री की घोषणाओं के बावजूद शिक्षकों की भर्ती नहीं हो सकी है।

स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सरकार को घेरा

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रायपुर, बिलासपुर और अंबिकापुर में 700-700 बेड के अस्पतालों का प्रस्ताव स्वीकृत होने के बावजूद अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि कई जगह टेंडर प्रक्रिया तक पूरी नहीं हुई है।

उन्होंने यह भी कहा कि आयुष्मान जैसी योजनाओं के बावजूद लोगों को पूरी तरह मुफ्त इलाज नहीं मिल पा रहा और कार्डधारकों को भी अपनी जेब से खर्च करना पड़ रहा है।

किसानों के सम्मान से खिलवाड़ का आरोप

धान खरीदी के दौरान जांच के नाम पर किसानों के घरों में प्रवेश कर दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए सिंहदेव ने इसे किसानों के सम्मान के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि अन्नदाता को परेशान करना किसी भी सरकार के लिए उचित नहीं है।

कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

टीएस सिंहदेव ने कहा कि सुशासन का दावा करने वाली सरकार के कार्यकाल में अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या, लूट, दुष्कर्म और हिंसा की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।

उन्होंने कहा कि युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

भ्रष्टाचार और प्रशासनिक ढांचे पर भी टिप्पणी

सिंहदेव ने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार का दायरा बढ़ रहा है और प्रशासनिक तंत्र निरंकुश होता जा रहा है। उनके अनुसार अपराधी और तस्कर बेखौफ होकर सक्रिय हैं।

कांग्रेस संगठन और विपक्ष की भूमिका पर दिया जवाब

विपक्ष की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दों पर सड़क से लेकर विधानसभा तक संघर्ष कर रही है। जनता सब देख रही है और समय आने पर निर्णय भी करेगी।

संगठन में एकता को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस बड़ा संगठन है, जहां पंचायत से प्रदेश स्तर तक पदाधिकारी सक्रिय हैं और समय-समय पर संगठन की स्थिति का मूल्यांकन करते रहते हैं।

मिशन 2028 पर कही यह बात

छत्तीसगढ़ में मिशन 2028 के तहत रायगढ़ में भाजपा को चुनौती देने वाले चेहरे के सवाल पर टीएस सिंहदेव ने कहा कि पार्टी के तय मापदंडों और चयन प्रक्रिया में जो उपयुक्त होगा, उसे जिम्मेदारी दी जाएगी।

Advertisement
Share This Article