महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भाजपा का आक्रोश मार्च, मुख्यमंत्री के साथ सभी भाजपा नेता होंगे शामिल, रायपुर में बदली गई यातायात व्यवस्था

Advertisement

रायपुर: महिला आरक्षण विधेयक लोकसभा में पास नहीं होने और इसके लिए कांग्रेस और विपक्षी दलों को जिम्मेदार ठहराते हुए भारतीय जनता पार्टी आज देशभर में आक्रोश मार्च निकल रही है. छत्तीसगढ़ सहित सभी राज्यों में इसका आयोजन हो रहा है. रायपुर में भाजपा महिला प्रकोष्ठ द्वारा आक्रोश मार्च का आयोजन किया जा रहा है, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ ही भारतीय जनता पार्टी के सभी नेता शामिल हो रहे हैं.

बीजेपी की आक्रोश यात्रा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महिला सांसद रूपकुमारी चौधरी, कमलेश जांगड़े व लक्ष्मी वर्मा सहित सभी जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी व कार्यकर्ता आक्रोश रैली में शामिल होंगे.

दोपहर 3 बजे से निकलेगी बीजेपी की आक्रोश यात्रा

आक्रोश यात्रा दोपहर 3 बजे बलबीर जुनेजा इनडोर स्टेडियम से निकलेगी, जो गणेश मंदिर तिराहा , बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक, महिला थाना चौक होकर सुभाष स्टेडियम तक पहुंचेगी.

रायपुर ट्रैफिक एडवाइजरी

भारतीय जनता पार्टी के आक्रोश मार्च को लेकर रायपुर कमिश्नरेट ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है. कई सड़कों पर वाहनों का परिचालन प्रतिबंध किया गया है. जिसके तहत रायपुर की कई सड़कों पर एक निर्धारित समय के लिए यातायात प्रतिबंधित रहेगा.

दोपहर 12:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक ये रोड रहेगा बाधित

  • बुद्धेश्वर चौक से गणेश मंदिर तिराहा होकर बूढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक
  • श्याम टॉकीज गणेश मंदिर तिराहा से सदानी चौक सदर बाजार
  • महिला थाना चौक से सुभाष स्टेडियम
  • कोतवाली चौक से सुभाष स्टेडियम
  • बंजारी चौक से सुभाष स्टेडियम
  • कालीबाड़ी चौक से कोतवाली चौक
  • आकाशवाणी चौक कालीमंदिर से नल घर चौक

इन मार्गों का करें इस्तेमाल

आक्रोशित रैली से बाधित होने वाले मार्ग पर सफर करने वाले लोगों के लिए यातायात पुलिस ने वैकल्पिक रास्ते का उपयोग करने की अपील की है. ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि बुढ़ेश्वर चौक से कैलाशपुरी ढाल पुलिस लाइन गेट नेहरू नगर की ओर और कालीबाड़ी से महिला थाना चौक, काली माता तिराहा अम्बेडकर चौक- होकर वैकल्पिक मार्ग का उपयोग कर सकते हैं.

20 से 27 अप्रैल तक विपक्ष के खिलाफ भाजपा का कार्यक्रम

भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा है कि नारी शक्ति वन्दन अधिनियम का विरोध करने पर कांग्रेस व विपक्षी दलों के खिलाफ एक उग्र जन आक्रोश यात्रा राजधानी रायपुर में निकाली जा रही है. भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने कहा कि नारी शक्ति वन्दन अधिनियम का विरोध करने पर प्रदेश की मातृशक्ति में गहन आक्रोश है. 20 अप्रैल को प्रदेश में जन आक्रोश महिला पदयात्रा के बाद 23 और 24 अप्रैल को प्रदेशभर में जन आक्रोश महिला सम्मेलन रखा जाएगा. 26 और 27 अप्रैल को मंडल स्तर पर पुतला दहन किया जाएगा.

Share This Article