चक्रधरपुर के पोटका स्थित स्कूल में गरिमामय अचीवर्स डे (Achievers Day), छात्रों का हुआ सम्मान
चक्रधरपुर। शहर के पोटका स्थित संत जेवियर स्कूल में शनिवार को अचीवर्स डे (Achievers Day) बड़े ही गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में जमशेदपुर धर्मप्रांत के बिशप Telesphore Bilung बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए और छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम की शुरुआत, नैतिक मूल्यों पर जोर
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। अपने संबोधन में रेव. बिलुंग ने कहा कि ईश्वर को साक्षी मानकर समस्त सृष्टि और मानवता के लिए कार्य करना ही जीवन की सर्वोच्च उपलब्धि है। उन्होंने विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के मेधावी छात्र सम्मानित, मेडल और प्रमाण पत्र वितरित
समारोह में शैक्षणिक सत्र 2025-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों के साथ-साथ शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां, नृत्य-नाटक से सजी प्रस्तुति
स्कूल के प्राचार्य फादर एस पुधुमय राज के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने स्वागत नृत्य, प्रार्थना गीत, नाटक और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को आकर्षक और मनमोहक बना दिया।
स्कूल की तीसरी मंजिल का उद्घाटन, निर्माण में योगदान देने वाले श्रमिकों का सम्मान
इस अवसर पर मुख्य अतिथि और प्राचार्य द्वारा स्कूल की तीसरी मंजिल का फीता काटकर उद्घाटन किया गया। साथ ही निर्माण कार्य में योगदान देने वाले श्रमिकों को भी सम्मानित किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।
शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य नागरिकों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में उप प्राचार्या सिस्टर रानिट, ख्रीस्त राजा गिरजाघर के पल्ली पुरोहित फादर पोलूस बोदरा, फादर जोनहास खलखो, पूर्व नगर अध्यक्ष केडी शाह, कारमेल बालक विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर वुलेरिया सहित स्कूल के शिक्षक-शिक्षिकाएं, शिक्षकेत्तर कर्मी और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




