राउरकेला/झारसुगुड़ा, 19 अप्रैल। दक्षिण-पूर्व रेलवे के नवनियुक्त महाप्रबंधक अनिल कुमार जैन ने पदभार संभालने के बाद अपने पहले दौरे में झारसुगुड़ा और राउरकेला रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन विकास, यात्री सुविधाओं और रेल सुरक्षा से जुड़े कार्यों का गहन जायजा लिया।
अमृत भारत योजना के तहत विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता और गति पर जोर
महाप्रबंधक ने शनिवार सुबह झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचकर करीब दो घंटे तक स्टेशन परिसर, रेलवे कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए।
ट्रैक, सिग्नलिंग और परिचालन व्यवस्था का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान राउरकेला–झारसुगुड़ा रेलखंड के बीच विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण भी किया गया। इसके माध्यम से ट्रैक, सिग्नलिंग और संपूर्ण परिचालन व्यवस्था का आकलन किया गया। महाप्रबंधक ने रेल सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
राउरकेला स्टेशन में यात्री सुविधाओं और अवैध निर्माण पर सख्ती
दोपहर में राउरकेला स्टेशन पहुंचकर उन्होंने प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज, द्वितीय प्रवेश मार्ग, पार्किंग, एस्केलेटर और फूड प्लाजा का निरीक्षण किया। इस दौरान रेलवे भूमि पर हो रहे अवैध निर्माण पर नाराजगी जताते हुए उसे जल्द हटाने के निर्देश दिए।
बंडामुंडा डीजल शेड का भी किया निरीक्षण
राउरकेला के बाद महाप्रबंधक सड़क मार्ग से बंडामुंडा डीजल शेड पहुंचे, जहां उन्होंने सेंसर युक्त रेलवे फाटक और निर्माणाधीन ब्रिज का निरीक्षण किया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश—समयबद्ध और सुचारु क्रियान्वयन सुनिश्चित करें
निरीक्षण के दौरान इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, सिग्नल एंड टेलीकॉम और वाणिज्य विभाग के अधिकारियों को विकास परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने और यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
इस दौरान चक्रधरपुर मंडल के डीआरएम तरुण हुरिया, महाप्रबंधक के सचिव अजय कुमार, सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



