परियोजनाओं को समयबद्ध और सुचारू रूप से पूरा करें अधिकारी – जीएम अनिल कुमार जैन

Advertisement

चक्रधरपुर। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (GM) अनिल कुमार जैन ने शनिवार को चक्रधरपुर मंडल के राउरकेला और झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को परियोजनाओं को समयबद्ध एवं सुचारू रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।

स्टेशन विकास कार्यों का किया विस्तृत निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान जीएम अनिल कुमार जैन ने स्टेशन परिसर का विस्तृत आकलन किया और विशेष रूप से अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता और गति पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस दौरान उनके साथ डीआरएम चक्रधरपुर तरुण हुरिया, सीनियर डीईएन आर.पी. मीणा, सीनियर डीसीएम आदित्य कुमार चौधरी, सीनियर डीईई एस.के. मीणा, एडीआरएम विनय कुजूर, सीनियर डीएमई राजीव रंजन रसिक, सीनियर डीएसटीई सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी उपस्थित रहे।

विंडो ट्रायलिंग निरीक्षण से परखी व्यवस्था
राउरकेला–झारसुगुड़ा रेलखंड के बीच विंडो ट्रायलिंग निरीक्षण भी किया गया, जिसमें ट्रैक, सिग्नलिंग और परिचालन व्यवस्था का आकलन किया गया। महाप्रबंधक ने सुरक्षा, परिचालन दक्षता और यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर बल दिया।

बंडामुंडा डीजल शेड और स्वचालित फाटक का निरीक्षण
निरीक्षण के क्रम में जीएम अनिल कुमार जैन बंडामुंडा पहुंचे, जहां उन्होंने डीजल शेड में लगे ऑटोमेटिक फाटक का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने के केबिन क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और तीसरी एवं चौथी लाइन के निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया।

विकास परियोजनाओं में तेजी के निर्देश
महाप्रबंधक ने कहा कि रेलवे की सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाए ताकि यात्री सुविधाओं में तेजी से सुधार हो सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे का उद्देश्य सुरक्षा, क्षमता विस्तार और आधारभूत ढांचे को मजबूत करना है।

यह निरीक्षण रेलवे की विकास योजनाओं को गति देने और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Share This Article