गर्भावस्था में महिलाओं को पोषण युक्त एवं संतुलित आहार की आवश्यकता – सीएमएस डॉ. सुब्रत मिश्रा

Advertisement

चक्रधरपुर (रेलवे अस्पताल)। पोषण पखवाड़ा और टीबी मुक्त भारत 100 दिवसीय अभियान के तहत चक्रधरपुर रेलवे अस्पताल में शनिवार को जागरूकता सेमिनार, प्रभात फेरी और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों में पोषण तथा टीबी के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

प्रभात फेरी से अभियान की शुरुआत
सीएमएस डॉ. सुब्रत कुमार मिश्रा की पहल पर निकाली गई विशाल प्रभात फेरी रेलवे अस्पताल से शुरू होकर रेलवे स्टेशन, डीआरएम कार्यालय, चिल्ड्रन पार्क, ऑफिसर्स क्लब और पांचमोड़ होते हुए पुनः अस्पताल परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान डॉक्टर, नर्स, पारा मेडिकल स्टाफ, स्काउट्स एंड गाइड्स और सेंट जॉन्स एंबुलेंस के सदस्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।

सेमिनार में पोषण और टीबी पर विस्तृत चर्चा
अस्पताल के ऑडिटोरियम में आयोजित सेमिनार में सीएमएस डॉ. सुब्रत कुमार मिश्रा ने गर्भवती महिलाओं के पोषण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित और पोषण युक्त आहार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस समय उचित देखभाल और शुद्ध वातावरण में रहना मां और बच्चे दोनों के लिए जरूरी है।

उन्होंने बच्चों के पोषण पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि शुरुआती 6 वर्षों में बच्चों के मस्तिष्क का तेजी से विकास होता है, इसलिए इस अवधि में उन्हें संतुलित आहार देना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने बढ़ते बच्चों में मोटापे की समस्या पर चिंता जताते हुए जंक फूड से दूरी बनाने की सलाह दी।

विशेषज्ञों ने रखे अपने विचार
इस अवसर पर एसीएमएस जी. सोरेन, डॉ. श्याम सोरेन, डॉ. नंदिनी, डॉ. राकेश तांडी और डॉ. प्रिंसी एम सहित अन्य चिकित्सकों ने भी बच्चों और महिलाओं के पोषण पर अपने विचार साझा किए।

रेलवे स्टेशन परिसर में नुक्कड़ नाटक से जागरूकता
पोषण पखवाड़ा और टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत रेलवे स्टेशन परिसर में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और पारा मेडिकल स्टाफ द्वारा नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों को टीबी (tuberculosis) के लक्षण, बचाव और उपचार के बारे में सरल और प्रभावी तरीके से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के माध्यम से आम लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और पोषण व टीबी के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

Share This Article