रायगढ़। भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को राहत देने के लिए बहाल की गई लोकल ट्रेनों को रेलवे ने एक बार फिर रद्द कर दिया है। भारतीय रेल के बिलासपुर जोन द्वारा अचानक लिए गए इस फैसले से छोटे स्टेशनों के यात्रियों की मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं और लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है।
चौथी लाइन कनेक्टिविटी के कारण रद्द हुई ट्रेनें
जानकारी के अनुसार, अकलतरा रेलवे स्टेशन में चौथी रेलवे लाइन को जोड़ने के लिए 11 से 18 अप्रैल तक प्री-नॉन/नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य किया जा रहा है। इसी वजह से बिलासपुर-झारसुगड़ा सेक्शन में ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है।
रेलवे प्रशासन ने पहले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रद्द ट्रेनों को दो दिन के लिए बहाल किया था, लेकिन दूसरे ही दिन नया आदेश जारी कर फिर से 10 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया।
ये प्रमुख ट्रेनें रहेंगी रद्द
11 से 18 अप्रैल तक बिलासपुर-रायगढ़, रायपुर-गेवरा रोड, बिलासपुर-कोरबा सहित विभिन्न रूटों की मेमू और पैसेंजर ट्रेनें रद्द रहेंगी। इसके अलावा 12 से 19 अप्रैल तक रायगढ़-बिलासपुर और गेवरा रोड-रायपुर के बीच चलने वाली ट्रेनें भी प्रभावित रहेंगी।
हसदेव एक्सप्रेस पैसेंजर बनकर चलेगी
कोरबा-रायपुर के बीच चलने वाली हसदेव एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 18250/18249, 18252/18251) को 11 से 18 अप्रैल तक कोरबा-बिलासपुर के बीच पैसेंजर ट्रेन के रूप में चलाया जाएगा, जबकि बिलासपुर से रायपुर के बीच यह ट्रेन पूर्ववत एक्सप्रेस की तरह संचालित होगी।
लोकल यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें
लगातार ट्रेनों के रद्द होने से खासकर छोटे स्टेशनों से यात्रा करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों का कहना है कि पहले ट्रेनों को बहाल करना और फिर अचानक रद्द कर देना समझ से परे है। अगर सीमित फेरों में भी ट्रेनों का संचालन जारी रहता तो राहत मिल सकती थी।
रेलवे के इस फैसले से रोजाना यात्रा करने वाले कामकाजी लोगों, छात्रों और छोटे व्यापारियों पर सीधा असर पड़ा है।
