स्टील प्लांट में हादसा: 15 फीट ऊंचाई से गिरकर घायल बायलर मैन की मौत, मुआवजे के बाद हुआ पोस्टमार्टम

By
Advertisement
Advertisement

रायगढ़। जिले के गेरवानी स्थित रूपाणाधाम स्टील प्लांट में काम के दौरान घायल हुए एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद मुआवजे की मांग को लेकर श्रमिकों ने विरोध जताया, जिसके बाद सहमति बनने पर ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

काम के दौरान हुआ हादसा, गंभीर रूप से हुआ था घायल
मिली जानकारी के अनुसार, गेरवानी स्थित रूपाणाधाम स्टील प्राइवेट लिमिटेड में फायरमैन के पद पर कार्यरत राबो निवासी दीपक चौहान (22 वर्ष) बीते बुधवार रात प्लांट के बायलर क्षेत्र में काम कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक करीब 15 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया।

घटना की आवाज सुनकर अन्य श्रमिक मौके पर पहुंचे तो दीपक खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही कंपनी प्रबंधन ने उसे तत्काल फोर्टिस जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी था। शुक्रवार को उसकी हालत और बिगड़ने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया, लेकिन शनिवार सुबह करीब 9 बजे उसने दम तोड़ दिया।

मुआवजे की मांग पर अड़े श्रमिक, समझाइश के बाद बनी सहमति
मौत की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में श्रमिक अस्पताल पहुंच गए और मुआवजे की मांग को लेकर अड़ गए। उनका कहना था कि उचित मुआवजा मिलने के बाद ही शव उठाया जाएगा। इस दौरान पुलिस और प्रशासन ने काफी देर तक समझाइश दी।

अंततः कंपनी प्रबंधन और प्रशासन के बीच सहमति बनने के बाद मुआवजा तय किया गया, जिसके बाद शव को जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

परिजनों को 10 लाख मुआवजा, पेंशन का भी मिलेगा लाभ
औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के उप संचालक राहुल पटेल के अनुसार, मृतक के परिजनों को कुल 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। इसमें एक लाख रुपये तत्काल नकद दिए गए, एक लाख रुपये अगले दिन दिए जाएंगे और शेष 8 लाख रुपये का चेक प्रदान किया जाएगा। साथ ही परिजनों को ईएसआईसी के तहत पेंशन का लाभ भी दिलाया जाएगा।

कांग्रेस ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
इस घटना को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष शाखा यादव ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि उचित कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस आंदोलन करने को बाध्य होगी।

Advertisement
Share This Article