कटघोरा पुलिस की तत्पर कार्रवाई, शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Advertisement

कोरबा, 08 अप्रैल 2026। थाना कटघोरा क्षेत्र में दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 69 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। घटना दिनांक 26 अक्टूबर 2024, समय लगभग शाम 7:30 बजे की बताई जा रही है, जबकि इसकी रिपोर्ट 04 अप्रैल 2026 को थाना कटघोरा में दर्ज कराई गई।

पीड़िता विनिता मरकाम (उम्र 33 वर्ष), निवासी ग्राम डोंगरतराई, थाना कटघोरा, जिला कोरबा द्वारा लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया गया कि आरोपी विजयपाल सिंह, निवासी फूलझर बस्तीपारा, दीपका, थाना दीपका, जिला कोरबा ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। बाद में शादी करने से इंकार कर दिया।

पीड़िता के अनुसार, वह मजदूरी कर जीवनयापन करती है। वर्ष 2019 में उसका सामाजिक रूप से तलाक हो चुका है और वह अपने मायके में रह रही थी। वर्ष 2020 में आरोपी से पहचान हुई, जिसने विवाह का वादा कर उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया। एक दिन बाजार से घर छोड़ने के बहाने ले जाकर खेत के पास उसके साथ दुष्कर्म किया और बाद में लगातार शादी का झांसा देता रहा।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी कटघोरा एवं उनकी टीम ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए तत्काल कार्रवाई की। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर विधिवत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article