सुकमा, 29 मार्च छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ की खबर सामने आई है। पोलमपल्ली थाना क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में हुई इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जिला रिजर्व गार्ड (DRG) की टीम को माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया था। इस दौरान सुबह से ही रुक-रुक कर फायरिंग जारी रही।
सुकमा पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान DRG टीम और माओवादियों के बीच लगातार मुठभेड़ हुई। बाद में मौके की तलाशी के दौरान एक माओवादी का शव और हथियार बरामद किए गए हैं।
मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है ताकि किसी अन्य नक्सली की मौजूदगी की संभावना को खत्म किया जा सके। पुलिस ने बताया कि अभियान की निगरानी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही है।
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टलिंगम ने कहा कि माओवादी कैडरों के लिए आत्मसमर्पण और पुनर्वास का विकल्प अब अंतिम चरण में है। उन्होंने अपील की कि वे हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटें और सम्मानजनक जीवन अपनाएं।
बरामद माओवादी की पहचान PPCM मूचाकी कैलाश के रूप में हुई है, जो प्लाटून नंबर 31 का सेक्शन कमांडर था। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह नागरिक हत्याओं, हमलों तथा IED ब्लास्ट की साजिश जैसे मामलों में वांछित था।
