रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ‘मन की बात’ की 132वीं कड़ी सुनी, जल संरक्षण और जनभागीदारी को बताया प्रेरणादायी

By
Advertisement
Advertisement

रायपुर, 29 मार्च मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 132वीं कड़ी का श्रवण किया। उन्होंने इस कार्यक्रम को राष्ट्र निर्माण के लिए अत्यंत प्रेरणादायी बताया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ देशभर में हो रहे सकारात्मक नवाचारों और जनभागीदारी को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है, जिससे समाज में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होता है।

उन्होंने कोरिया जिले के किसानों द्वारा किए जा रहे जल संरक्षण प्रयासों की प्रधानमंत्री द्वारा की गई सराहना को छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘आवा पानी झोंकी’ जैसे अभिनव मॉडल के तहत किसानों द्वारा रिचार्ज तालाब और सोख्ता गड्ढों का निर्माण कर वर्षा जल संचयन का सराहनीय कार्य किया जा रहा है, जो भूजल स्तर सुधार की दिशा में एक प्रभावी पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जल संरक्षण अब जन आंदोलन का रूप ले चुका है और छत्तीसगढ़ में भी इसे व्यापक जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

उन्होंने ‘मन की बात’ में मत्स्य उत्पादन, फिटनेस, शुगर इंटेक में कमी और खेलों को बढ़ावा देने जैसे विषयों को भी उपयोगी बताया और कहा कि राज्य सरकार इन क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से कार्य कर रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

पश्चिमी एशिया की परिस्थितियों पर प्रधानमंत्री के संदेश का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। उन्होंने प्रदेशवासियों को आश्वस्त किया कि छत्तीसगढ़ में पेट्रोलियम उत्पादों, गैस और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और नागरिक अफवाहों से दूर रहें।

Advertisement
Share This Article