मैनपाट महोत्सव 2026 का भव्य समापन, सांसद चिंतामणि महाराज रहे मुख्य अतिथि

मैनपाट महोत्सव सरगुजा जिले की पहचान, आने वाले वर्षों में होगा और भव्य आयोजन – सांसद
अम्बिकापुर, 16 फरवरी 2026/ प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक वैभव के लिए प्रसिद्ध मैनपाट में आयोजित तीन दिवसीय मैनपाट महोत्सव 2026 का समापन समारोह उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री चिंतामणि महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने अपने संबोधन में महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं समस्त क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि सरगुजा की पहचान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा शुभारंभ अवसर पर जिले को विकास कार्यों की महत्वपूर्ण सौगात दी गई है, जिससे क्षेत्र में अधोसंरचना और पर्यटन को नई दिशा मिलेगी।
सांसद ने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में मैनपाट निरंतर आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में यह महोत्सव और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय आयोजन के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, लोककला, पारंपरिक व्यंजनों एवं मनोरंजन गतिविधियों ने पर्यटकों को आकर्षित किया है।

समापन समारोह में सीतापुर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने अपने संबोधन में कहा कि मैनपाट महोत्सव केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्थानीय संस्कृति, परंपरा और प्रकृति से जुड़ाव का माध्यम है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा मैनपाट में पर्यटन विकास हेतु 1 करोड़ रुपये की राशि की घोषणा की गई है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने तीन दिवसीय महोत्सव के अंतर्गत आयोजित सांस्कृतिक संध्या, खेल प्रतियोगिताएं, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी, पर्यटन गतिविधियां एवं अन्य आकर्षक कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, कलाकारों, अधिकारियों-कर्मचारियों तथा आयोजन से जुड़े सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मैनपाट पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है और भविष्य में यह आयोजन और अधिक व्यापक स्वरूप में आयोजित किया जाएगा।

समापन समारोह में जिला पंचायत सदस्य रतनी नाग, जनपद पंचायत मैनपाट अध्यक्ष संतोषी पैंकरा, उपाध्यक्ष श्री अनिल सिंह, ग्राम पंचायत रोपाखार के सरपंच श्री सुखुराम, जनप्रतिनिधि श्री आलोक दुबे, श्री रजनीश पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल, डीएफओ श्री अभिषेक जोगावत, जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री सुनील नायक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अमोलक सिंह ढिल्लो सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।





