छत्तीसगढ़

धान खरीदी व्यवस्थाओं का आकस्मिक निरीक्षण करने कलेक्टर पहुंचे महाराजगंज एवं चांदो उपार्जन केंद्र

Advertisement

बलरामपुर, 01 दिसम्बर 2025/ धान उपार्जन व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा ने आज महाराजगंज एवं चांदो धान उपार्जन केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र में चालू खरीदी व्यवस्था, किसानों के लिए की गई तैयारियों तथा व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया।

कलेक्टर ने सर्वप्रथम केन्द्र में आने वाले धान की नमी की जांच की प्रक्रिया का जायजा लेते हुए धान का नमी परीक्षण पूर्ण पारदर्शिता के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने बारदाने की उपलब्धता की भी जानकारी ली तथा कर्मचारियों को पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध रखने के निर्देश दिए, ताकि खरीदी कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटारा ने टोकन वितरण प्रणाली एवं ऑनलाइन एंट्री की शुद्धता की भी जांच की।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन डेटा समय पर और सटीक दर्ज किया जाए, जिससे किसी भी किसान को खरीदी प्रक्रिया या भुगतान में परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने उपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों से कहा कि किसी भी दिन अव्यवस्था की स्थिति न बने इसके लिए पहले से सभी आवश्यक प्रबंध मजबूत रखें। बदलते मौसम को देखते हुए कलेक्टर श्री कटारा ने धान उपार्जन केन्द्र में धान को सुरक्षित रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।

उन्होंने खरीदी व्यवस्था के दौरान मौसम की जोखिमों को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता के साथ पर्याप्त सुरक्षा के इंतजाम रखने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा एवं पारदर्शी खरीदी हमारी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। कलेक्टर ने केंद्र परिसर में धान तौल व्यवस्था, सुरक्षा, अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेकर सभी संबंधित को आवश्यक निर्देश दिए।

करचा बैरियर का किया निरीक्षण
कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा ने करचा बैरियर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बैरियर से होकर गुजरने वाले वाहनों की निगरानी हेतु लगाए गए सीसीटीवी कैमरों तथा पंजी रजिस्टर का अवलोकन किया। कलेक्टर ने वाहनों के आवागमन की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करते हुए बैरियर परिसर में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी ली।

उन्होंने अवैध धान की संभावित आवक को ध्यान में रखते हुए सभी वाहनों की कड़ाई से जांच करने के निर्देश दिए। श्री कटारा ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ होने के साथ ही अवैध परिवहन पर सख्त निगरानी आवश्यक है। उन्होंने प्रत्येक वाहन की अनिवार्य रूप से जांच करने तथा संदिग्ध वाहनों पर विशेष ध्यान रखते हुए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button