जिले में प्रस्तावित भूमिगत कोयला खदान के विरोध को लेकर आज सैकड़ों ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि खदान शुरू होने से उनके गांव, खेत और जलस्रोत प्रभावित होंगे। इसी के विरोध में वे 11 नवंबर को प्रस्तावित जनसुनवाई निरस्त करने की मांग कर रहे हैं।

स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कलेक्ट्रेट से करीब 100 मीटर पहले ही बैरिकेड लगाकर ग्रामीणों को रोका जा रहा है। पुलिस एवं प्रशासनिक अमला मौके पर तैनात है, ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि जब तक जनसुनवाई रद्द करने की घोषणा नहीं होती, उनका शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्रशासन ने ग्रामीणों से संयम रखने और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की बात कही है।



