रिपोर्ट : अभिषेक कुमार पाण्डेय, जिला संवाददाता, बिलासपुर
बिलासपुर, 15 अगस्त 2026। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन बिलासपुर स्थित चेतना हाल में देशभक्ति, उत्साह और गौरवपूर्ण वातावरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बिलासपुर पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती वंदना सिंह के साथ पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

83 अधिकारी-कर्मचारियों को मिला सम्मान
कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट पुलिसिंग के लिए कुल 83 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित पुलिसकर्मियों ने एयरपोर्ट सुरक्षा, उच्च न्यायालय से संबंधित कार्य, अपराध निराकरण, एनडीपीएस मामलों की विवेचना, डायल-112, सीसीटीएनएस, वीआईपी सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, बीट सिस्टम, आसूचना संकलन, गंभीर अपराधों के आरोपियों की गिरफ्तारी, प्रशासनिक कार्य और पुलिस नियंत्रण कक्ष सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान दिया।
उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र

सम्मानित होने वालों में उप पुलिस अधीक्षक पंकज अवस्थी, निरीक्षक श्वेता मिश्रा गौरेहा, निरीक्षक प्रदीप आर्य, निरीक्षक राहुल तिवारी, उप निरीक्षक इन्द्रनाथ नायक, सहायक उप निरीक्षक विदेशी राम साहू सहित विभिन्न शाखाओं और पुलिस इकाइयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
एनडीपीएस के दो मामलों में उत्कृष्ट विवेचना कर आरोपियों को न्यायालय से सजा दिलाने, डायल-112 के बेहतर संचालन, अपराधों के निराकरण, न्यायालयीन कार्यों, स्थापना एवं अवकाश शाखा सहित प्रशासनिक दायित्वों के बेहतर निर्वहन के लिए भी पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
पुलिस परिवार ने देशभक्ति गीतों से बांधा समां
समारोह में पुलिस परिवार के सदस्यों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति और उत्साह से भर गया। पुलिस परिवार की प्रतिभाओं ने उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान एसएसपी एवं डीआईजी रजनेश सिंह ने भी गीत गायन में सहभागिता की और पुलिस परिवार के साथ आत्मीयता का परिचय दिया।
“आपके बेहतर कार्य से मेरी वर्दी की शान बढ़ती है”
इस अवसर पर एसएसपी एवं डीआईजी रजनेश सिंह ने सम्मानित पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के बेहतर कार्य से न केवल बिलासपुर पुलिस की प्रतिष्ठा बढ़ती है, बल्कि “आप लोगों के बेहतर कार्य करने से मेरी वर्दी की शान और बढ़ती है।”
उन्होंने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण की सराहना करते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा, अनुशासन, तत्परता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस परिवार को बताया बिलासपुर पुलिस का अभिन्न अंग
एसएसपी रजनेश सिंह ने पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ आत्मीयता से समय बिताया और सम्मानित पुलिसकर्मियों एवं उनके परिजनों के साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। उन्होंने पुलिस परिवार को बिलासपुर पुलिस का अभिन्न अंग बताते हुए उनके सहयोग और योगदान की सराहना की।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहरी पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार आईपीएस, नगर पुलिस अधीक्षक परमेश्वर तिलकवार, नगर पुलिस अधीक्षक तिलेश्वर प्रसाद यादव, एसडीपीओ सुदीप सरकार, एसडीपीओ कोटा नूपुर उपाध्याय, डीएसपी लाइन मंजुलता केरकेट्टा, डीएसपी आईयूसीएडब्ल्यू अनिता नाग, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र कुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।
देशभक्ति, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ मना स्वतंत्रता दिवस
कार्यक्रम के अंत में एसएसपी एवं डीआईजी रजनेश सिंह ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों और उनके परिवारजनों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा बिलासपुर पुलिस के उज्ज्वल और सशक्त भविष्य की कामना की। समारोह ने पुलिस परिवार में देशभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और आपसी सौहार्द की भावना को और मजबूत किया।




