शाल-श्रीफल भेंट कर दीर्घकालीन शैक्षणिक सेवाओं को किया नमन
गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। शिक्षक दिवस के अवसर पर स्कूल शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था (डाइट), पेंड्रा में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिले के 50 सेवानिवृत्त शिक्षकों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान उनके दीर्घकालीन, समर्पित एवं उल्लेखनीय शैक्षणिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं महान शिक्षाविद् तथा पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर गुरु-शिष्य परंपरा तथा शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित किया गया।

‘आज मैं जहां हूं, अपने शिक्षकों के कारण हूं’
मुख्य अतिथि कलेक्टर विजय दयाराम के. ने सभी सम्मानित शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “मैं आज जहां भी हूं, अपने शिक्षकों और गुरुजनों के कारण हूं।”
कलेक्टर ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा कराने तक सीमित नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और जीवन मूल्यों को दिशा देने का कार्य करते हैं। वे समाज और राष्ट्र के भविष्य के निर्माता हैं।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों ने अपने सेवाकाल में अनेक पीढ़ियों को ज्ञान, अनुशासन और संस्कार दिए हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव और जीवन-मूल्य समाज तथा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों के स्वस्थ, सुखद और सक्रिय जीवन की कामना की।
शिक्षा के क्षेत्र में योगदान को किया याद
जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी ने स्वागत संबोधन में समारोह में उपस्थित सेवानिवृत्त शिक्षकों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि इन शिक्षकों का सेवाकाल जिले की शैक्षणिक प्रगति और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण रहा है। उनके योगदान को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
डाइट प्राचार्य ने जताया आभार
समारोह के समापन पर डाइट की प्राचार्य श्रीमती अल्का शुक्ला ने आभार प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्य अतिथि, जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग, सम्मानित सेवानिवृत्त शिक्षकों तथा आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिक्षा विभाग के अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में बीईओ गौरेला उपेंद्र सिंह चौहान, बीईओ पेंड्रा आर.एन. चंद्रा, बीईओ मरवाही संजय वर्मा, उल्लास के नोडल अधिकारी मुकेश कोरी एवं आलोक शुक्ला, बालमुकुंद अग्रवाल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


