हवा में नमी के असर से छत्‍तीसगढ़ में बदल रहा है मौसम

2 Min Read
Advertisement

रायपुर ।  दो मौसमी तंत्र सक्रिय होने के कारण छत्तीसगढ़ में बड़ी मात्रा में नमी का आगमन हो रहा है, जिससे मंगलवार को राज्य के कुछ इलाकों में हल्की बारिश या गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। वर्षा मुख्य रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ में केंद्रित रहने की संभावना है।

हालांकि, नमी रायपुर संभाग तक पहुंच रही है, जिससे वहां बादल छाए रहने और हल्की बूंदाबांदी होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राज्य में सबसे अधिक तापमान 34.0 डिग्री लखनपुर में और सबसे कम तापमान 18.9 डिग्री बलरामपुर में दर्ज किया गया।

मौसम साफ होने के बाद गिरेगा पारा

मानसून की विदाई के बावजूद राज्य में बादलों की आवाजाही बनी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में प्रदेश के औसत तापमान में 3 से 4 डिग्री की कमी आई है।

आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की और गिरावट हो सकती है। मौसम साफ होने के बाद तापमान में तेजी से गिरावट होने की संभावना है।

बना हुआ है यह सिस्टम

पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे सटे उत्तर अंडमान सागर के ऊपर एक निम्न दाब क्षेत्र बना हुआ है। इसके पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 22 अक्टूबर की सुबह तक अवदाब में बदलने की संभावना है।

इसके बाद 23 अक्टूबर को यह चक्रवात का रूप लेकर पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय हो सकता है।

फिर यह उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 24 अक्टूबर की सुबह ओडिशा-पश्चिम बंगाल तट के पास, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक पहुंच सकता है। इसके अलावा, पश्चिम-मध्य अरब सागर के ऊपर भी एक निम्न दाब क्षेत्र बना हुआ है।

वर्षा के मुख्य आंकड़े (मिलीमीटर में):

तोकापाल: 6 मिमी

छुरा: 3 मिमी

सरोना, दरभा, माकड़ी, दुर्ग: 2 मिमी

अंतागढ़, नानगुर, मैनपुर, भिंभोरी: 1 सेमी

अन्य एक-दो स्थानों पर इससे कम वर्षा दर्ज की गई।

 

Share This Article
Leave a Comment