वर्दी पर दाग अंबिकापुर में आरक्षक पर मोबाइल चोरी का आरोप, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

2 Min Read
Advertisement

अंबिकापुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ कानून की रक्षा करने वाला एक पुलिस आरक्षक खुद चोरी की वारदात में संलिप्त नजर आ रहा है। यह घटना गांधी चौक स्थित एक ग्राहक सेवा केंद्र की है, जहाँ मोबाइल चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी आरक्षक की पहचान दुर्गेश दीक्षित के रूप में हुई है। वह ग्राहक सेवा केंद्र पहुंचा और वहाँ मौजूद कंप्यूटर ऑपरेटर से कहा कि वह अपना मोबाइल चार्ज पर लगाना चाहता है। इसी दौरान, उसने चुपके से ऑपरेटर का मोबाइल फोन अपने पास रख लिया और मौके से निकल गया। यह पूरी वारदात उसने बेहद चालाकी से अंजाम दी, लेकिन सीसीटीवी कैमरे में उसकी हरकतें साफ रिकॉर्ड हो गईं।

घटना के बाद पीड़ित युवक राजू कुमार देवांगन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, हैरानी की बात यह है कि सीसीटीवी में आरक्षक की स्पष्ट पहचान होने के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उल्टा, शिकायतकर्ता को गुमराह किया जा रहा है और एफआईआर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ दर्ज की गई है।

पीड़ित युवक अपने मोबाइल को लेकर बेहद परेशान है और न्याय की उम्मीद में इधर-उधर भटक रहा है। इस घटना ने पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब वर्दीधारी ही अपराध करने लगें, तो आम जनता आखिर किस पर भरोसा करे?

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *