रायगढ़ में बर्ड फ्लू नियंत्रण पर विशेष निगरानी: दिल्ली और एम्स की टीमों ने लिया हालात का जायजा

Advertisement

संक्रमित जोन का निरीक्षण, पोल्ट्री फार्म का सैनिटाइजेशन जारी, स्वास्थ्य विभाग को दिए अहम निर्देश

रायगढ़,  7 फरवरी 2025: रायगढ़ जिले में बर्ड फ्लू के मामलों पर नियंत्रण के लिए दिल्ली से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और एम्स रायपुर की विशेषज्ञ टीमों ने जिले का दौरा किया। दिल्ली से आई टीम ने संक्रमित पोल्ट्री फार्म और उसके एक किलोमीटर के दायरे में आने वाले ‘इंफेक्टेड जोन’ का निरीक्षण किया। इस दौरान सैनिटाइजेशन प्रक्रिया की समीक्षा के साथ डोर-टू-डोर जाकर रैंडम जांच भी की गई।

कलेक्टर के साथ समीक्षा बैठक, संक्रमण रोकथाम पर जोर
विशेषज्ञ टीम ने कलेक्टर कार्तिकेया गोयल के साथ बैठक कर संक्रमण नियंत्रण के लिए भारत सरकार के प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक दिशा-निर्देश साझा किए। बैठक में डॉ. देवांग जरीवाला (असिस्टेंट डायरेक्टर, इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोजेक्ट), डॉ. एच.आर. खन्ना (ज्वाइंट कमिश्नर, पशुपालन एवं डेयरी विभाग), और एम्स रायपुर के डॉ. अजॉय के बेहरा, डॉ. संजय सिंह नेगी, डॉ. गौरी कुमारी पाढ़ी, डॉ. किरण अखाड़े, और डॉ. चयनिका नाग शामिल रहे।

संक्रमित पोल्ट्री उत्पादों का त्वरित नष्टिकरण
ज्वाइंट कमिश्नर डॉ. खन्ना ने रायगढ़ में संक्रमण के शुरुआती चरण में ही उठाए गए त्वरित कदमों की सराहना की। उन्होंने बताया कि पोल्ट्री फार्म में संक्रमित मुर्गियों, चूजों और अंडों को कुछ ही घंटों में नष्ट कर दिया गया, जो नियंत्रण के लिए बेहद अहम था। पोल्ट्री फार्म के सैनिटाइजेशन के लिए फ्लेम गन और डिसइंफेक्टेंट का उपयोग कर कार्य तेजी से किया जा रहा है। कलेक्टर ने पशुपालन विभाग को इस प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य विभाग को दिए गए विशेष निर्देश
एम्स रायपुर से आई टीम ने जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्दी-बुखार के मरीजों की सतर्क निगरानी और आवश्यक प्रोफाइलेक्टिक दवाओं के पर्याप्त भंडारण के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और पोल्ट्री फार्म में कार्यरत कर्मियों के क्वारंटाइन को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पूरे जिले के स्वास्थ्य अमले से संवाद
एम्स की टीम ने जिले के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक कर बर्ड फ्लू नियंत्रण के लिए आवश्यक एहतियातों पर चर्चा की। टीम ने ओपीडी और आइसोलेशन वार्डों की स्थिति का भी जायजा लिया और संभावित मरीजों की निगरानी के निर्देश दिए।

अगले कदम:
टीम ने पोल्ट्री फार्म के सैनिटाइजेशन के बाद भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग और पशुपालन विभाग समन्वय बनाकर संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए सतत निगरानी और कार्य योजना पर काम कर रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *