भिलाई में फर्जी तांत्रिक का पर्दाफाश: YouTube से सीखा तंत्र-मंत्र, महिला से 37 लाख की ठगी, फ्लैट हड़पने की धमकी भी दी

2 Min Read
Advertisement

भिलाई से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने यूट्यूब से तंत्र-मंत्र सीखकर खुद को तांत्रिक बताकर महिला से लाखों की ठगी कर डाली। आरोपी ने महिला को कुंडली दोष का डर दिखाकर 37 लाख रुपए ऐंठ लिए और बाद में उसका फ्लैट हड़पने की कोशिश करते हुए जान से मारने की धमकी तक दे डाली।

पीड़िता लंबे समय से थी परेशान

पुलिस के मुताबिक, पीड़िता पल्लवी जायसवाल (46) स्वास्थ्य और रोजगार संबंधी समस्याओं से जूझ रही थी। इस दौरान उनकी मुलाकात नेहरू नगर स्थित कालीबाड़ी मंदिर के पुजारी परिचय मिश्रा से हुई। मिश्रा ने महिला की कुंडली देखकर ग्रह दोष बताया और उसे अपने तथाकथित गुरु ‘पंडित कुलदीप महाराज’ से मिलने की सलाह दी।

YouTube से बना फर्जी तांत्रिक

जांच में सामने आया कि कुलदीप उर्फ कालू (35), निवासी रोहतक (हरियाणा), कोई असली पंडित या तांत्रिक नहीं है। वह यूट्यूब से तंत्र-मंत्र की विधियां देखकर खुद को तांत्रिक बताने लगा। उसने महिला को डराकर 18 जनवरी 2023 से 8 अप्रैल 2025 के बीच विभिन्न पूजाओं और उपायों के नाम पर ₹36,66,000 की ठगी की।

फ्लैट अपने नाम कराने का दबाव, तंत्र से मारने की धमकी

आरोपी ने एक कदम और आगे बढ़ते हुए महिला से उसका फ्लैट अपने नाम कराने की मांग की। इंकार करने पर उसने “तंत्र से जान ले लेंगे” जैसी धमकियां दीं, जिससे डरकर महिला ने सुपेला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

आरोपी गिरफ्तार, तांत्रिक सामान जब्त

एएसपी पद्मश्री तंवर ने जानकारी दी कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक कार, मोबाइल फोन, तांत्रिक सामग्री, जड़ी-बूटियाँ और प्रचार सामग्री (बैनर-पोस्टर) बरामद की है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी कथित तांत्रिक या ज्योतिषाचार्य पर अंधविश्वास न करें और किसी भी संदेह की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करें।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *