बलरामपुर जिला प्रशासन का अभिनव प्रयास, महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के लिए जबर नोनी नवाचार का शुभारंभ

By
Advertisement
Advertisement

बलरामपुर 03 अक्टूबर 2024/ महिला और बालिका सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए बलरामपुर जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जबर नोनी नवाचार की शुरुआत की, जिसका मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने औपचारिक विमोचन किया। इस अनूठी पहल का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के स्वास्थ्य और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यह कार्यक्रम जिले के महिलाओं के स्वास्थ्य और सशक्तिकरण की मिसाल बनकर उभरेगी। मुख्यमंत्री ने इस नवाचार की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण महिलाओं और बालिकाओं के लिए एक सशक्तिकरण का प्रतीक बताया। स्थानीय मितानिन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कर्मचारियों, शिक्षकों और विभिन्न एनजीओ के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में बाल विवाह रोकने, नियमित स्वास्थ्य शिक्षा कार्यशालाओं के आयोजन, और सामुदायिक टीकाकरण अभियान जैसे विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। ताकि ग्रामीण महिलाएं परिवार और समाज के नेतृत्व में सक्रिय भूमिका निभा सकें।

जानिए क्या है जबर नोनी कार्यक्रम

जबर नोनी कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के किशोरियों को सशक्त बनाना, बाल विवाह को रोकना, मातृत्व स्वास्थ्य में सुधार कुपोषण में कमी लाना, एनीमिया में कमी लाना, पोपण स्तर में सुधार करना है। जिला प्रशासन के इस पहल के माध्यम से महिलाओं को शिक्षा, कौशल विकास और सामुदायिक सहभागिता के जरिये सशक्त बनाया जायेगा ताकि वे अपने स्वास्थ्य और परिवार के हित में सही निर्णय ले सके। साथ ही इस कार्यक्रम का लक्ष्य बाल विवाह को रोकना और हर एक महिला को स्वास्थ्य सेवाओं और शैक्षणिक अवसरों तक पहुंच सुनिश्चित कराना हैं।

विभागों के होगी महत्वपूर्ण भूमिकाएं

स्वास्थ्य विभाग के द्वारा स्वास्थ्य कार्यशालाओं का आयोजन, टीकाकरण अभियान का क्रियान्वयन और मातृ स्वास्थ्य सुधार कर निगरानी। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा महिलाओं की सामुदायिक सहभागिता, बाल विवाह और महिला सशक्तिकरण के संबंध में जन जागरूकता कार्यक्रम चलाया जायेगा।शिक्षा विभाग द्वारा स्कूल में उपस्थिति, ड्रॉप आउट बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाकर नियमित निगरानी करना। ब्लॉक कार्यालय विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर जबर नोनी कार्यक्रम की निगरानी करेगी। साथ ही मितानीनो और सामुदायिक स्वयंसेवकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ग्राम स्तर पर मितानिन सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता की भूमिका निभाकर स्वास्थ्य शिक्षा सत्र आयोजित करेंगी, और जोखिम वाले परिवारों की पहचान, स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करेंगी। ग्राम स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कार्यशालाओं का आयोजन कर भागीदारी सुनिश्चित करते हुए समुदाय से फीडबैक एकत्रित करेंगी। वे नीतियों को जमीनी स्तर पर लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

जबर नोनी द्वारा की जाने वाली गतिविधियां

ये नियमित स्वास्थ्य शिक्षा कार्य शालाओं का आयोजन, सामुदायिकटीकाकरण अभियानों का नेतृत्व, परिवारों को बाल विवाह में देरी के महत्व पर चर्चा में शामिल करना। बालिकाओं और महिलाओं को उनके अधिकारों में बारे में जागरूक करेंगी। जबर नोनी कार्यक्रम बलरामपुर जिले की महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य और कल्याण को सुधारने का एक व्यापक प्रयास है। विभिन्न विभागों और सामुदायिक सदस्यों की समन्वित भागीदारी से यह कार्यक्रम महिलाओं को सशक्त करेगा, स्वास्थ्य साक्षरता को बढ़ावा देगा और अगले पीढ़ी के लिए एक उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करेगा। जबर नोनी की भूमिका इस परिवर्तन को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण होगी।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *