पत्नी से विवाद का खौफनाक अंजाम : चचेरे मामा के हमले में तीन माह के मासूम की मौत, आरोपी गिरफ्तार

3 Min Read
Advertisement

जशपुर। जिले के थाना सन्ना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपरापाठ नन्हेसर में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पत्नी से हुए विवाद के चलते एक युवक ने टांगी के हत्थे से हमला कर दिया। इस हमले में बचाव के दौरान महिला के पीठ पर बंधे उसके तीन माह के मासूम बच्चे को गंभीर चोट लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 17 दिसंबर 2025 की शाम करीब 5 बजे, ग्राम पिपरापाठ में कुएं के पास पानी भरते समय आरोपी रतन राम की पत्नी और उसकी चचेरी बहन संगीता के बीच विवाद हो गया था। विवाद के बाद दोनों अपने-अपने घर लौट गईं।

कुछ देर बाद जब संगीता अपने घर के सामने खड़ी थी और अपने तीन माह के बच्चे को पीठ पर कपड़े से बांधे हुए थी, तभी उसका चचेरा भाई रतन उर्फ रतनू राम (21 वर्ष) वहां पहुंचा। पत्नी से हुए विवाद को लेकर आक्रोशित आरोपी ने हाथ में रखी टांगी के हत्थे से संगीता पर जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया। हमले से बचने के लिए संगीता झुक गई, जिससे टांगी का हत्था उसके पीठ पर बंधे मासूम बच्चे को जा लगा और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की रिपोर्ट पर थाना सन्ना में आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमार्टम कराया। डॉक्टर की प्रारंभिक रिपोर्ट में मृत्यु का कारण टांगी के हत्थे से लगी चोट बताया गया है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रतन उर्फ रतनू राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी भी जब्त कर ली है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सन्ना उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, सहायक उप निरीक्षक विदवा राम एवं आरक्षक विमलेश भगत की अहम भूमिका रही।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन माह के मासूम की हत्या के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार भी जब्त कर लिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *