धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने कुसमी पहुँचे कलेक्टर-एसपी

Advertisement
Advertisement

विभिन्न उपार्जन केन्द्रों व चेकपोस्टों का किया औचक निरीक्षण

अवैध धान पर कड़ी निगरानी रखने दिए निर्देश

बलरामपुर 01 जनवरी 2026/ खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए जिले के कृषकों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जा रही है। धान के अवैध परिवहन, भंडारण एवं कोचियों व बिचौलियों द्वारा धान के अवैध विक्रय के प्रयासों पर रोक लगाने हेतु प्रशासनिक अमला सक्रियता से कार्य कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा तथा पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर ने विकासखण्ड कुसमी के विभिन्न धान खरीदी केन्द्रों एवं चेकपोस्टों का निरीक्षण कर वस्तुस्थिति का जायजा लिया।

कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने विकासखंड कुसमी के धान खरीदी केन्द्र चांदो, सामरी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान खरीदी केन्द्र समिति प्रबंधक से चर्चा कर टोकन, अब तक हुए धान खरीदी की मात्रा एवं धान उठाव की जानकारी ली। उन्होंने समिति प्रबंधक से कहा कि बिचौलियों व कोचिए अपना धान न बेच पाये इस पर सतत निगरानी रखे। उन्होंने खरीदी केन्द्र में बारदानों की उपलब्धता, स्टेंसिल को सही स्थान पर लगाने, बारदाने में निर्धारित मात्रा में धान का भराव के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर श्री कटारा ने धान विक्रय करने में कृषकों को कोई परेशानी न हो यह सुनिश्चित करने को कहा। कलेक्टर ने धान के उठाओ की जानकारी लेते हुए उपस्थित अधिकारी को धान का शीघ्र उठाव करने के निर्देश दिये ताकि धान खरीदी सुचारू रूप से हो सके।

इस दौरान उन्होंने केन्द्र में समर्थन मूल्य पर धान बेचने आये किसानों से चर्चा कर टोकन, किसान किताब पर्ची सहित अन्य दस्तावेजों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने तराजू एवं नमी मापक यंत्र, बारदाना पंजी, खरीदी पंजी का अवलोकन कर उचित संधारण करने के निर्देश दिये। 

पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर ने सुरक्षा पहलुओं पर चर्चा कर धान के अवैध परिवहन पर सख्त कार्यवाही करने तथा आवश्यकतानुसार पुलिस का सहयोग लेने की बात कही।

कलेक्टर एवं एसपी ने अमटाही व कोरोंधा चेकपोस्ट का किया निरीक्षण

कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा एवं पुलिस अधीक्षक श्री वैभव बैंकर ने अमटाही व कोरोंधा चेकपोस्ट का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चेकपोस्ट में तैनात कर्मचारियों से बात की और किसी भी प्रकार की संदेहास्पद गतिविधि होने पर त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक श्री बैंकर ने कर्मचारियों को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिये और वाहनों का सघन जांच करने को कहा। उन्होंने कहा कि बिचौलियों के किसी भी प्रयास को विफल करना हमारा प्राथमिक उद्देश्य है।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *