जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न

By
Advertisement
Advertisement

अवैध मादक पदार्थों के व्यापार का रोकने के लिए सतत निगरानी रखने के दिये निर्देश

बलरामपुर 04 मार्च 2025/ कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक श्री बैंकर वैभव रमनलाल की उपस्थिति में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनसीओआरडी) की मासिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध व्यापार को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की गई। कलेक्टर ने पुलिस, औषधि, आबकारी और समाज कल्याण विभाग को आपसी समन्वय से कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए, ताकि नशे के प्रभाव को रोका जा सके।

बैठक में कलेक्टर श्री कटारा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कोटपा एक्ट के तहत स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई की जाए। कलेक्टर ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सघन निरीक्षण कर वहां संचालित दुकानों की जांच की जाए, ताकि विद्यार्थियों को नशे से बचाया जा सके। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिसमें नुक्कड़ नाटक, सेमिनार के माध्यम से नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने नशामुक्ति केंद्र को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक श्री बैंकर वैभव रमनलाल ने जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स पर सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य करने और प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जांच नाकों पर आने वाले संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जाए, ताकि मादक पदार्थों की तस्करी को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई करें।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विश्व दीपक त्रिपाठी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *