जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक सम्पन्न

2 Min Read
Advertisement

प्रतिबंधित और एक्सपायर दवाओं तथा संचालित क्लिनिकों के लाइसेंस की करें जांच:- कलेक्टर

बलरामपुर, 30 सितंबर 2025/ कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा की उपस्थिति में संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनसीओआरडी) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के अवैध व्यापार को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की गई। कलेक्टर ने पुलिस, औषधि, आबकारी और समाज कल्याण विभाग को आपसी समन्वय से कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री कटारा ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कोटपा एक्ट के तहत स्कूलों और कॉलेजों के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई की करें। उन्होंने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सघन निरीक्षण कर वहां संचालित दुकानों की जांच करने को कहा। साथ ही सार्वजनिक स्थानों में भी कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम गठित कर प्रतिबंधित दवाओं, एक्सपायर दवाओं और संचालित क्लीनिकों के लाइसेंस की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध या अनुचित दवा का बिक्री न हो और स्वास्थ्य संबंधी नियमों का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने अवैध क्लिनिक पर सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये।

उन्होंने विकासखंड स्तर पर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर जागरूक करने की बात कही। कलेक्टर ने जिला मुख्यालय में स्थित नशामुक्ति केंद्र को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ग्राम स्तर पर केंद्र की जानकारी चस्पा करने एवं लोगों में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश भी दिये।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर श्री आर.एस. लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विश्व दीपक त्रिपाठी, सहित संबंधित सदस्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *