जशपुर पुलिस ने दो नाबालिक बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लौटाई परिजनों की खुशियां — आरोपी युवक गिरफ्तार

By
Advertisement
Advertisement

जशपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जशपुर पुलिस द्वारा संचालित ऑपरेशन मुस्कान के तहत लगातार गुमशुदा बच्चियों की खोज की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो नाबालिक बालिकाओं को सकुशल ढूंढकर परिजनों को सौंपा है। इनमें से एक मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

मामला-1: सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र

20 अगस्त 2025 को थाना सिटी कोतवाली जशपुर क्षेत्र की एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 17 वर्षीय बेटी 19 अगस्त की शाम को बिना बताए घर से चली गई है। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला। संदेह जताया गया कि किसी युवक ने बहला-फुसलाकर नाबालिक को भगा लिया है।

मामले में पुलिस ने गुम इंसान व बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने परिजनों के सहयोग से नाबालिक बालिका को जशपुर क्षेत्र के ही एक गांव से बरामद कर लिया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि आरोपी युवक नवीन भगत (19 वर्ष) ने शादी का झांसा देकर उसे बहलाया और अपने साथ ले गया तथा इस दौरान दुष्कर्म भी किया।

पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 87, 64(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत अपराध दर्ज किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

मामला-2: चौकी सोनक्यारी क्षेत्र

दूसरा मामला चौकी सोनक्यारी क्षेत्र का है। 18 सितंबर 2025 को एक महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 16 वर्षीय बेटी 11 सितंबर को घर से बिना बताए कहीं चली गई है। लगातार खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चल रहा था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गुम इंसान व बीएनएस की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर खोजबीन शुरू की। टेक्निकल टीम और मुखबिर तंत्र की मदद से जानकारी मिली कि बालिका कुनकुरी क्षेत्र के एक रिश्तेदार के घर पर है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाबालिक को सकुशल बरामद किया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह घरवालों की बात से नाराज होकर खुद ही घर से चली गई थी और उसके साथ कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

पुलिस की तत्परता से लौटे परिवारों में खुशियां

दोनों मामलों में नाबालिक बालिकाओं को सुरक्षित परिजनों को सौंप दिया गया। थाना सिटी कोतवाली मामले में आरोपी नवीन भगत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि सोनक्यारी मामले में नाबालिक बालिका पूरी तरह सुरक्षित है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से दोनों बच्चियों को सुरक्षित बरामद किया गया है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत गुम बच्चों को प्राथमिकता पर खोजा जा रहा है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *