घरेलू विवाद के मामलों में सरगुजा पुलिस की पहल से परिवार परामर्श केंद्र में चार विवाहित जोड़ो के बीच बनी आपसी सहमति, विवादों का हुआ समाधान

By
Advertisement
Advertisement

सरगुजा पुलिस द्वारा महिला थाना अंतर्गत संचालित पुलिस परिवार परामर्श केंद्र के माध्यम से घरेलू हिंसा एवं अन्य पारिवारिक समस्याओं का सामना कर रही महिलाओं को त्वरित सहायता प्रदान की जा रही है। परामर्श केंद्र न केवल उनकी समस्याओं को सुनने का एक मंच उपलब्ध कराता है, बल्कि एक सुरक्षित और सहायक वातावरण में त्वरित समाधान भी सुनिश्चित करता है।

इसी क्रम में, महिला थाना अंतर्गत पुलिस परिवार परामर्श केंद्र में चार मामलों में विवाहित जोड़ों की काउंसलिंग कराई गई। काउंसलिंग के माध्यम से आपसी बातचीत और समझाइश कर इन जोड़ो के बीच उत्पन्न विवादों का सफलतापूर्वक समाधान किया गया। सभी मामलों में पति-पत्नी के बीच आपसी सहमति बनाते हुए विवाद समाप्त कराए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) के निर्देशन में महिला थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया था कि वे पारिवारिक विवादों के मामलों में त्वरित एवं प्रभावी काउंसलिंग कराते हुए स्थायी समाधान सुनिश्चित करें। निर्देशों के पालन में, परामर्श केंद्र की प्रशिक्षित एवं अनुभवी टीम ने चार मामलों में दोनों पक्षों की समस्याएँ सुनीं। अधिकांश मामलों में पति-पत्नी के बीच छोटे-मोटे मनमुटाव पाए गए थे, जिन्हें काउंसलिंग के माध्यम से सुलझा लिया गया। परिणामस्वरूप, चारों जोड़ों ने आपसी सहमति से एक साथ सुखपूर्वक रहने का निर्णय लिया।

काउंसलिंग के दौरान महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता भारद्वाज, काउंसलर मीरा शुक्ला, आशा उपाध्याय, प्रधान आरक्षक संतोष गुप्ता, महिला आरक्षक रीना दास, दिव्या एवं आरक्षक किशोर तिवारी की सक्रिय भूमिका रही।

सरगुजा पुलिस द्वारा की गई इस पहल से चार परिवारों में फिर से स्नेह एवं विश्वास का वातावरण स्थापित हुआ है, जिससे समाज में एक सकारात्मक संदेश गया है।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *