कुनकुरी में युवती से मोबाइल लूटने वाला आरोपी गिरफ्तार, सीसीटीवी फुटेज से पहचान कर भेजा गया जेल

By
Advertisement
Advertisement

जशपुर। जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में युवती से मोबाइल फोन लूटकर भागना एक युवक को महंगा पड़ गया। जशपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

घटना दिनांक 5 जुलाई 2025 की है, जब 21 वर्षीय युवती अपनी नर्सिंग ड्यूटी के बाद शाम करीब 7:20 बजे होलीक्रॉस हॉस्पिटल से हॉस्टल लौट रही थी। उसी दौरान चर्च गेट के पास एक अज्ञात युवक बाइक से आया और उसका मोबाइल छीनने का प्रयास किया। असफल होने पर वह भाग गया, लेकिन कुछ ही देर बाद फिर लौटा और हॉस्टल गेट के पास युवती से मोबाइल लूटकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर बीएनएस की धारा 74, 309(4) व 218 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। चूंकि मामला महिला से जुड़ा था, पुलिस ने त्वरित संज्ञान लेते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और आरोपी की पहचान कराई।

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान आशीष विश्वकर्मा (27 वर्ष), निवासी ढोढीडांड, ढोयाटोली, थाना कुनकुरी के रूप में की। पुलिस ने मुखबिरों की मदद से आरोपी को उसके गांव से घेराबंदी कर हिरासत में लिया।

इसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पीड़िता से पहचान परेड कराई गई, जिसमें युवती ने आरोपी की पहचान की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम की तत्परता

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश यादव, एएसआई मनोज साहू, ईश्वर वारले, आरक्षक नंदू यादव और जितेंद्र गुप्ता सहित पूरी थाना टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसएसपी की अपील

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर जशपुर पुलिस अत्यंत संवेदनशील है और ऐसे मामलों में त्वरित एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों व संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की, ताकि अपराधों की जांच में मदद मिल सके।

जशपुर पुलिस द्वारा की गई यह तत्परता अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश है कि कानून से बच पाना संभव नहीं है।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *