ऑपरेशन आघात की तीसरी बड़ी सफलता: 51 लाख की अवैध शराब के साथ राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार

By
Advertisement
Advertisement

जशपुर। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस ने एक ट्रक से 51 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त कर राजस्थान निवासी तस्कर को गिरफ्तार किया है।



पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के आगडीह गांव के पास नेशनल हाइवे 43 पर नाकेबंदी कर संदिग्ध ट्रक क्रमांक UP12AT1845 को रोका गया। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें 734 कार्टून में भरी 6588 लीटर अंग्रेजी शराब मिली, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत 51 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने ट्रक चालक चिमा राम (26 वर्ष), निवासी थाना बायतु, जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह यह ट्रक चंडीगढ़ से रांची ले जा रहा था, जहां से कोई अन्य व्यक्ति ट्रक को लेकर बिहार जाना था। उसे इस कार्य के लिए ₹45,000 रुपये की रकम तय की गई थी।



वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने जानकारी दी कि इस तस्करी के पीछे अंतरराज्यीय शराब माफिया सिंडिकेट की भूमिका की आशंका है, जिसकी जांच जारी है। पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराएं 34(1)(क), 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर, न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आशीष कुमार तिवारी, सहायक उप निरीक्षक एसन पाल, प्रधान आरक्षक नवीन दत्त तिवारी, आरक्षक उपेन्द्र सिंह व नगर सैनिक थानेश्वर देशमुख की विशेष भूमिका रही।

गौरतलब है कि इसी साल फरवरी माह में भी जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन आघात के तहत दो ट्रकों से 14025 लीटर अवैध शराब बरामद की थी, जिसकी कीमत लगभग एक करोड़ रुपये थी। पुलिस को आशंका है कि इसी पैटर्न पर संगठित तस्करी का रैकेट अब भी सक्रिय है।

जशपुर पुलिस ने एक बार फिर साबित किया है कि नशे के सौदागरों के खिलाफ उसकी मुहिम लगातार जारी है और किसी भी सूरत में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।

Advertisement
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *