अपर कलेक्टर ने किया अंतर्राज्यीय नाके का निरीक्षण

3 Min Read

बलरामपुर, 21 नवम्बर 2025/ शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए जिले में धान खरीदी प्रक्रिया प्रारंभ हो गयी है। पारदर्शी खरीदी व्यवस्था, अवैध धान की रोकथाम पर शासन-प्रशासन द्वारा विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा कई स्तरों पर तैयारी एवं निगरानी की जा रही है।

कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा ने प्रशासनिक अमले को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने के साथ ही उन्होंने विशेष रूप से जिले की सीमाओं से लगे राज्यों झारखंड, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमाओं पर सतत निगरानी रखने तथा अवैध धान का परिवहन, भण्डारण करने वालों के विरुद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं। कलेक्टर के निर्देश पर जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार, नायब तहसीलदार, उड़नदस्ता दल, तथा नोडल अधिकारी सक्रिय रूप से निगरानी में जुटे हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों एवं नाका, चेक पोस्टों पर पुलिस और राजस्व अमले द्वारा 24 घंटे की निगरानी रखी जा रही है, ताकि कोई भी व्यापारी या बिचौलिया अवैध रूप से धान का परिवहन न कर सके।

इसी कड़ी में अपर कलेक्टर श्री आर.एन. पांडेय ने धनवार स्थित अंतर्राज्यीय नाके का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंडी, खनिज तथा आरटीओ नाके में रखी गई रसीद पुस्तिकाओं की जांच की और उपस्थित कर्मचारियों की हाजिरी का सत्यापन किया।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री पांडेय ने नाके पर तैनात कर्मियों से सीमा पर आवागमन की गतिविधियों और वाहन जांच प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मंडी नाके के प्रभारी को निर्देश दिया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

अपर कलेक्टर ने सतर्क ऐप के माध्यम से प्राप्त संदिग्ध वाहन अलर्ट के त्वरित निराकरण के लिए भी स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण नाकों पर सतर्कता और निरंतर निगरानी आवश्यक है, सभी अधिकारी निर्धारित समय पर उपस्थित रहें और वाहन जांच को पूरी गंभीरता से संपन्न करें। उन्होंने सभी नाका कर्मचारियों को अवैध परिवहन की रोकथाम हेतु सतत निगरानी रखने तथा शासन के निर्देशों का पूर्णतः पालन करने का आदेश दिया। निरीक्षण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व वाड्रफनगर नीरनिधी नंदेहा सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *