अपराध मुक्त राउरकेला के लिए पुलिस का मेगा ऑपरेशन

By
Advertisement
Advertisement

उदितनगर से बंडामुंडा तक दर्जनभर ठिकानों पर छापेमारी
रेड की क्रिकेट बेटिंग कनेक्शन की चर्चा

राउरकेला में अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस ने बुधवार की अहले सुबह  मेगा ऑपरेशन चलाया। इस कार्रवाई के तहत उदितनगर, प्लांट साइट और बंडामुंडा सहित शहर के विभिन्न इलाकों में दर्जनभर से अधिक संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से शहर में हलचल मच गई और लोग घंटों पुलिस गतिविधियों पर नजर बनाए रहे।

सूत्रों के अनुसार, यह ऑपरेशन पुलिस कप्तान के निर्देश पर संचालित किया गया, जिसमें शहर के विभिन्न थानों की टीमें शामिल रहीं। पूरी कार्रवाई को गोपनीय रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया, ताकि किसी भी संदिग्ध को भनक न लग सके।

विशेष रूप से बिरसा डाहर क्षेत्र में हुई रेड शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की कई गाड़ियां देर रात तक इलाके में सक्रिय रहीं, जिससे उत्सुकता और आशंकाओं का माहौल बना रहा।

प्राथमिक पड़ताल और सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, यह छापेमारी ऑनलाइन क्रिकेट बेटिंग से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ हो सकती है। हाल के दिनों में शहर के एक व्यक्ति द्वारा ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी में लगभग एक करोड़ रुपये गंवाने की बात सामने आई थी। उसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने यह सख्त कदम उठाया हो, ऐसी चर्चा जोरों पर है।

हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। छापेमारी में शामिल अधिकारी और कर्मचारी मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं और किसी भी प्रकार की टिप्पणी से बचते नजर आए।

अधिकृत बयान आने के बाद ही इस मेगा ऑपरेशन के वास्तविक उद्देश्य और परिणामों की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी। फिलहाल, अपराध मुक्त शहर के संकल्प के साथ पुलिस की यह कार्रवाई राउरकेला में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *