अनुसूचित क्षेत्र अधिकारी कर्मचारी संघ की मांग – शिक्षकों को ब्रिज कोर्स के माध्यम से मिले बी.एड. और पदोन्नति का लाभ

Advertisement

 

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही: छत्तीसगढ़ अनुसूचित क्षेत्र अधिकारी कर्मचारी संघ ने राज्य सरकार से शिक्षकों और व्याख्याताओं को ब्रिज कोर्स के माध्यम से बी.एड. प्रशिक्षण देकर पदोन्नति का लाभ देने की मांग की है। संघ के प्रांतीय अध्यक्ष प्रवीण श्रीवास ने इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।

शिक्षकों के लिए बी.एड. अनिवार्यता बनी बाधा

ज्ञापन में बताया गया कि वर्तमान में न्यायालय के आदेश के चलते वे शिक्षक और व्याख्याता, जिन्होंने बी.एड. नहीं किया है, वे पदोन्नति से वंचित हो रहे हैं। संघ ने मांग की है कि पहले की तरह विभागीय स्तर पर बी.एड. प्रशिक्षण देकर इन शिक्षकों को पदोन्नति में शामिल किया जाए, जिससे उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

पूर्व में भी दिया गया था प्रशिक्षण

संघ के प्रांतीय सचिव पीयूष कुमार गुप्ता ने बताया कि 1997-98 में डीपीईपी योजना के तहत एससीईआरटी के समन्वय से बड़ी संख्या में शिक्षकों को बी.एड. कराया गया था। इसी तर्ज पर, प्रदेश के बी.एड. कॉलेजों में एससीईआरटी और समग्र शिक्षा के समन्वय से दो वर्षीय बी.एड. कोर्स संचालित किया जा सकता है। इससे शिक्षकों को नियमित रूप से पदोन्नति का लाभ मिलेगा और वे पूरी ऊर्जा व क्षमता के साथ शिक्षा क्षेत्र में योगदान दे सकेंगे।

संगठन का समर्थन और मांग

इस मांग का समर्थन करते हुए सहायक शिक्षक समग्र शिक्षक फेडरेशन के जिला अध्यक्ष दिनेश राठौर ने कहा कि पहले भी सहायक शिक्षकों को ब्रिज कोर्स (एनआईओएस) के माध्यम से दो वर्षीय प्रशिक्षण देकर पदोन्नति का लाभ दिया गया था। इसी तर्ज पर समस्त शिक्षकों और व्याख्याताओं को बी.एड. प्रशिक्षित कर पदोन्नति का अवसर दिया जाए।

इस अवसर पर मेडिकल कैशलेस संघ के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सोनवानी और जिला सचिव संजय सोनी भी उपस्थित रहे।

 

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *