अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव
सुंदरगंज में बवाल: जेसीबी व शासकीय वाहन क्षतिग्रस्त, 4 घायल; 18 पर केस दर्ज

By
Advertisement
Advertisement

सूरजपुर, । लटोरी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत सुंदरगंज में बुधवार को शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर अचानक पथराव हो गया। कार्रवाई के दौरान माहौल इतना बिगड़ा कि कुछ ही देर में पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। उग्र भीड़ ने जेसीबी मशीन पर ताबड़तोड़ पत्थर बरसाए, वहीं पास खड़े शासकीय वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में चार लोगों के घायल होने की सूचना है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खसरा नंबर 35, 255 एवं 552 की शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने के लिए राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची थी। ग्राम पंचायत सुंदरगंज के सरपंच एवं ग्राम समिति के सदस्यों की उपस्थिति में कार्रवाई प्रारंभ होते ही कुछ अतिक्रमणकारियों ने विरोध शुरू कर दिया। पहले झूमा-झटकी हुई और देखते ही देखते जेसीबी मशीन पर पथराव शुरू हो गया।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल को हस्तक्षेप करना पड़ा। अफरा-तफरी के बीच प्रशासनिक अमला कुछ समय के लिए असमंजस में रहा, लेकिन अतिरिक्त बल की मदद से हालात पर काबू पा लिया गया।



गांव दो हिस्सों में बंटा, आमने-सामने आए ग्रामीण

घटना ने तब और तूल पकड़ लिया जब अतिक्रमण हटाने के समर्थन में खड़े ग्रामीण और कब्जाधारी आमने-सामने आ गए। दोनों  पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले, जिससे गांव में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति नियंत्रित की। एहतियातन संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।



18 आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज

लटोरी तहसीलदार सुरेन्द्र कुमार पैंकरा की रिपोर्ट पर चौकी लटोरी, थाना जयनगर में अपराध क्रमांक 50/26 दर्ज किया गया है। भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(2), 191(3), 190, 324(3), 221 एवं लोक संपत्ति नुकसानी निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत 18 लोगों के विरुद्ध मामला पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस आरोपियों की शिनाख्त और गिरफ्तारी में जुटी हुई है।

प्रशासन का सख्त संदेश
सूत्रों के अनुसार जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि शासकीय भूमि से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई किसी भी स्थिति में रोकी नहीं जाएगी। शासकीय कार्य में बाधा डालने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल हालात नियंत्रण में बताए जा रहे हैं, लेकिन गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। आने वाले दिनों में इस मामले पर प्रशासन की अगली रणनीति और पुलिस की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी।

Advertisement
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *